Breaking News

अरविंद केजरीवाल के घर दोबारा पहुंची पुलिस

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर शनिवार को सुबह 10 बजे के करीब दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा की टीम दूसरे दिन इस संबंध में आरोपों की जांच के लिए केजरीवाल के घर नोटिस लेकर पहुंची। इससे पहले शुक्रवार शाम को भी दिल्ली पुलिस की टीम पहुंची थी। आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता जैस्मीन शाह ने अपराध शाखा के एसीपी पंकज अरोड़ा से नोटिस को लेकर तीखी बहस भी की।

दरअसल, गत 27 जनवरी को अरविंद केजरीवाल समेत आप नेताओं ने भाजपा पर विधायकों की खरीद फरोख्त का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री केजरीवाल ने ट्वीट कर भाजपा पर यह आरोप लगाया था। इसके बाद आम आदमी पार्टी मुख्यालय में मंत्री आतिशी, विधायक दुर्गेश पाठक व अन्य ने प्रेस वार्ता कर इस आरोपों को दोहराते हुए कहा था कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के हर एक विधायक को 25-25 करोड़ देने का ऑफर दिया है। उन्होंने कहा था कि इसकी उनके पास ऑडियो क्लिप है, जिसे सही वक्त आने पर जारी किया जाएगा। मंत्री आतिशी ने कहा था कि सभी विधायकों ने इस ऑफर को साफ मना कर दिया है। पिछले नौ सालों में हमारी सरकार गिराने के लिए इन्होंने कई षड्यंत्र किए हैं लेकिन हर बार असफल हुए हैं। हमारे सभी विधायक पूरी मजबूती के साथ हमारे साथ खड़े हैं। इस बार भी ये लोग अपने नापाक इरादों में फेल होंगे।

आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए इन आरोपों की जांच के लिए प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा समेत दिल्ली के सांसद व विधायकों ने 30 जनवरी को पुलिस कमिश्नर संजय अरोड़ा से मुलाकात कर इसकी शिकायत की थी। इसके बाद जांच की जिम्मेदारी अपराध शाखा को सौंप दी गई थी। अब इस संबंध में जांच में सहयोग करने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, शिक्षा मंत्री आतिशी को नोटिस जारी किया गया है। शुक्रवार को ये दोनों अपने घर पर नहीं मिले थे। जिस वजह से पुलिस टीम लौट आई थी। आज दोबारा नोटिस देने के लिए टीम पहुंची है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.