Breaking News

उप्र परिवहन निगम ने नीलामी से कमाए 31 करोड़ 37 लाख

UPSRTC earns Rs 31.37 crore from auction 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की आय में वृद्धि को लेकर राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसके लिए विभिन्न तरह के उपाय किए गए हैं,जिनमें पुरानी खटारा बसों और स्क्रैप की नीलामी भी की जा रही है। इसके चलते परिवहन निगम को वर्ष 2023-24 में नीलामी के माध्यम से माह अप्रैल से जनवरी 2024 तक कुल 31 करोड़ 37 लाख रुपये की अतिरिक्त आय हुई है,जो विगत चार वर्षों में नीलामी से हुई आय में सर्वाधिक है।

परिवहन निगम के प्रबंधक (प्राविधिक) अजीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2022-23 में उप्र परिवहन निगम को नीलामी से लगभग 10 करोड रुपए, वर्ष 2021-22 में 21 करोड़ 23 लाख रुपये एवं वर्ष 2020-21 में 15 करोड़ 57 लाख रुपये की आय अर्जित हुई थी। योगी सरकार को उम्मीद है कि मार्च 2024 तक पूरे वित्तीय वर्ष 2023-24 में निगम को नीलामी से होने वाली आय का आंकड़ा 40 करोड़ के पार पहुंच जाएगा।

नीलामी की प्रक्रिया में आएगी तेजी

अजीत सिंह ने बताया कि पुरानी और खटारा बसों की जगह परिवहन विभाग नई बसों को अपने बेड़े में शामिल कर रहा है। ऐसे में पुरानी खटारा बसों और उससे निकलने वाले स्क्रैप की विभाग द्वारा हर वर्ष नीलामी की जाती है।

निगम के प्रबंधक के अनुसार, सितंबर 2023 से अभी तक कुल 2050 पुरानी बसों को फ्लीट से अलग किया जा चुका है। इसमें से 1500 बसों की नीलामी हो चुकी है। बाकी बसों की नीलामी की प्रक्रिया भी चल रही है। इन बसों से जो स्क्रैप सामान निकलता है उसको भी नीलाम किया जाता है। उन्होंने बताया कि विगत चार वर्षों में नीलामी से इस बार सबसे ज्यादा आय हुई है। नीलामी के कार्य को अत्यंत तेजी के साथ पूरा किया जा रहा है। पूरी संभावना है की वित्तीय वर्ष के अंत तक निगम को नीलामी के जरिए 40 करोड़ की आय हो सकेगी।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.