Breaking News

उप्र में बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना

कानपुर। उत्तर प्रदेश का मौसम इन दिनों रोजाना बदल रहा है। कभी तेज धूप से तापमान में बढ़ोत्तरी हो जाती है तो कभी आसमान में बादलों की आवाजाही शुरु हो जाती है। यही नहीं कभी तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी भी होती है, जिससे गुलाबी सर्दी महसूस होने लगती है। शुक्रवार को भी मौसम ऐसा रहा और बादलों की आवाजाही से तापमान सामान्य से नीचे रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि 23 मार्च को पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है और तेज पछुआ हवाओं के चलने से आगामी दो दिन फिर मौसम बदला रहेगा और कुछ जनपदों पर स्थानीय स्तर पर बूंदाबांदी की भी संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया कि विदर्भ के पश्चिमी भागों और उससे जुड़े इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। उत्तरी झारखंड और इससे सटे इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा उपरोक्त चक्रवाती परिसंचरण से उत्तरी झारखंड से लेकर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और मेघालय से गुजरते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। एक ट्रफ रेखा पूर्व मध्य और दक्षिण पूर्व अरब सागर से लेकर उत्तरी केरल और कर्नाटक तट से गुजरते हुए निचले स्तर पर उत्तरी महाराष्ट्र तट तक फैली हुई है। पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जा सकता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, जो 66 डिग्री पूर्व देशांतर से लेकर 32 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर तक चल रही है। पहला पश्चिमी विक्षोभ 23 मार्च की रात से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है।

मौसम की इन गतिविधियों से उत्तर प्रदेश का मौसम शनिवार से फिर एक बार करवट लेगा और हल्की बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। इसका असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर यूपी के पूर्वी भाग में देखने के लिए मिलेगा। इसके बाद मौसम साफ हो जाएगा और अधिकतम न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होगी।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 66 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 44 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 6.1 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे हल्के से मध्यम बादलों की आवाजाही बने रहने आसार हैं किन्तु वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.