Breaking News

उप्र में भाजपा 25 फरवरी से चलायेगी लाभार्थी सम्पर्क अभियान : धर्मपाल सिंह

पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य चलेगा लाभार्थी सम्पर्क अभियान

2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर खिलाना है कमल : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) लोकसभा चुनाव में जन-जन का समर्थन जुटाने के लिए पूरे प्रदेश में लाभार्थी सम्पर्क अभियान चलाएगी। यह अभियान पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य चलेगा।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि लाभार्थी सम्पर्क के दौरान लाभार्थी द्वारा मोबाइल नम्बर 9638002024 पर मिस्डकॉल करवाना है और मोदी का पत्र सौंपकर लाभार्थी के घर पर स्टीकर लगाने का कार्य पार्टी कार्यकर्ताओं को करना है।

उन्होंने अभियान को लेकर बताया कि पूरे प्रदेश में 25 फरवरी से 05 मार्च के मध्य लाभार्थी सम्पर्क अभियान चलाया जाएगा व 01 मार्च से 03 मार्च के मध्य विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में प्रदेश भर में लाभार्थी परिवारजनों से व्यापक स्तर पर सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि 11 फरवरी से 16 फरवरी के मध्य लोकसभा स्तर पर लाभार्थी सम्पर्क अभियान की कार्यशाला आयोजित करनी है। जबकि 12 फरवरी से 20 फरवरी के मध्य मण्डल स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जायेंगी।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में चलने वाले अभियान को लेकर शनिवार को राजधानी लखनऊ के विश्वेश्वरैया सभागार में कार्यशाला सम्पन्न हुई। कार्यशाला में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने उपस्थित प्रतिनिधियों का मार्गदर्शन किया।

2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर खिलाना है कमल : भूपेन्द्र चौधरी

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि 2024 में लोकसभा की सभी सीटों पर कमल खिलाना है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने गरीब कल्याण को ध्यान में रखते हुए कई लोककल्याणकारी योजनाओं को शुरू किया। जिसका परिणाम रहा कि 2014 से 2023 के बीच लगभग 25 करोड़ से अधिक भारतीय गरीबी से बाहर आए।

उन्होंने कहा 2014 के बाद मोदी सरकार में अनेकों जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्जवला,जन-धन,आवास,शौचालय,हर घर नल,हर घर जल, बिजली,प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना,किसान सम्मान निधि सहित कई अन्य योजनायें लागू करने का काम किया है।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि केन्द्र व राज्य में भाजपा सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हुए लोगों में लाभार्थी सम्पर्क अभियान के अन्तर्गत सम्पर्क व संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने जो भी योजनाएं चलाई है वे सीधे तौर पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंची है। केन्द्र सरकार ने जनहित की योजनाओं को धरातल पर उतारकर जनता से किए गए एक एक वादे को पूरा किया है।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला ने पूरे अभियान को लेकर पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुतिकरण किया। कार्यशाला का संचालन पार्टी के प्रदेश मंत्री शंकर लाल लोधी ने किया। आभार ज्ञापन प्रदेश मंत्री मीना चैबे ने किया।

कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी,क्षेत्रीय अध्यक्ष,क्लस्टर इंचार्ज,जिला प्रभारी,लाभार्थी सम्पर्क अभियान के क्षेत्रीय संयोजक एवं सहसंयोजक और लोकसभा संयोजक व सहसंयोजक सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी सम्मिलित हुए।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.