लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई देते हुए अपील की है कि नवजात बच्चियों को लावारिस फेंकने वालों के लिये मौत की सजा का प्राविधान किया जाए।
मोर्चा ने मोदी का जन्मदिन शुक्रवार को श्री राम औद्योगिक अनाथ आश्रम अलीगंज में संवासिनी कन्याओं के साथ बड़े धूमधाम से मनाया। बच्चियों ने केक काटकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा बच्चों के दोपहर के भोजन की व्यवस्था की गई व रोजमर्रा की जरूरी वस्तुएं उपलब्ध कराई गई। संस्था परिसर में ही ‘समर्पण वृक्ष’ महिला मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा लगाया गया।