Breaking News

भाजपा का विकसित भारत संकल्प पत्र सुझाव अभियान छह मार्च से शुरू

– भाजपा आम जनता से अपने घोषणा पत्र के लिए लेगी सुझाव

झांसी। भारतीय जनता पार्टी ने तय किया कि हर लोकसभा में एलईडी वैन डिजिटल तथा सुझाव पेटी के माध्यम से आम जनता से अपने चुनावी घोषणा पत्र के लिए सुझाव इकट्ठे किये जायेंगे। इसका शुभारंभ 06 मार्च से किया जाएगा। एलईडी वैन प्रत्येक लोकसभा में प्रमुख स्थानों पर जाएगी और वहां पर जनता से पत्र के माध्यम से सुझाव भरवा कर जमा किए जाएंगे। उक्त जानकारी भाजपा कार्यालय में सांसद अनुराग शर्मा, सदर विधायक रवि शर्मा, जिलाध्यक्ष हेमंत परिहार व एमएलसी रमा निरंजन ने संयुक्त रुप पत्रकारों से चर्चा करते हुए दी।

उन्होंने पत्रकारों को बताया कि भाजपा के मुख्यालय में पदाधिकारियों, विभिन्न अभियान प्रमुखों के साथ बैठक में समीक्षा की जाएगी। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो घोषणा पत्र को संकल्प पत्र बोलती है और हमेशा हमने जो वायदे जनता से किये हैं उनको पूरा किया है। चाहे वो राम मंदिर निर्माण हो या आर्टिकल 370 को हटाना, ट्रिपल तलाक का मुद्दा हो या विकास कार्य।

लोकसभा में एलईडी वैन के अलावा भाजपा सभी जिलों एवं विधानसभाओं में संवाद कार्यक्रम करेगी तथा कोहॉर्ट ग्रुप के माध्यम से विभिन्न व्यावसायिक, वाणिज्यिक एवं अपने-अपने क्षेत्र में प्रमुख लोगों से घोषणा पत्र के लिए सुझाव एकत्रित करेगी। अपने सभी प्रकोष्ठों के माध्यम से भी विधानसभा और जिला स्तर पर कार्यक्रम और गोष्ठियां होगी। भाजपा घर-घर जनसंपर्क कर रही है। इसमें भी नमो ऐप के माध्यम से सुझाव लिए जाएंगे। पार्टी ने इसके लिए डिजिटल माध्यम का भी प्रयोग करना सुनिश्चित किया है। बताया कि कोई भी व्यक्ति 9090902024 नंबर पर कॉल करके अपने सुझाव रिकॉर्ड करके भी सीधे पार्टी को भेज सकता है। विभिन्न प्रमुख स्थानों जैसे बाज़ार, बस्ती, साप्ताहिक बाज़ार, मंडी, भाजपा जिला कार्यालय, लोकसभा कार्यालय, कचहरी, कॉलेज आदि जैसे भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर सुझाव पेटिकाएं लगाई जाएंगी।

मार्च प्रथम सप्ताह से कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र में इस अभियान का शुभारंभ होगा। छह मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाइव संवाद करेंगे। नारी शक्ति वंदन अभियान के इस लाइव संवाद को पार्टी के लोग चयनित स्थानों पर जनता के साथ लाइव देखेंगे और सुनेंगे। बूथ चलो-बूथ जीतो, गांव चलो अभियान, दीवार लेखन अभियान, नमो एप, युवा चौपाल, नारी शक्ति वंदन, प्रकोष्ठों के क्षेत्रीय सम्मेलन होगे।

पत्रकार वार्ता के दौरान झांसी विधानसभा प्रभारी प्रदीप सरावगी, विनोद नायक, जिला सह मीडिया प्रभारी सौरभ मिश्रा, कपिल बिरसैनिया आदि उपस्थित रहे।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.