रांची। भारतीय फुटबॉल संघ ने झारखंड की बेटियों पर खूब भरोसा जताया है। यही वजह है कि फीफा अंडर-17 महिला वर्ल्ड कप 2022 की भारतीय टीम में उसने जिन खिलाड़ियों को नेशनल कैंप के लिए चुना है, उनमें 7 खिलाड़ी झारखंड से हैं।
इस संबंध में शनिवार को सूचना जारी की गयी। गौरतलब है कि पिछले महीने (मार्च में) जमशेदपुर में सैफ अंडर-18 वीमेंस फुटबॉल टीम में भी झारखंड की 6 बेटियों ने इंडियन टीम की ओर से खेलते हुए अपनी काबिलियत दिखाई थी। इसमें नीतू लिंडा,अनिता कुमारी, पूर्णिमा कुमारी, एस्टन उरांव, अमीषा बारला और सुनीता मुंडा को भारतीय टीम की ओर से खेलने का मौका मिला था। इस चौंपियनशिप में भारत, नेपाल और बांग्लादेश की टीम ने भाग लिया था
सूची में 33 खिलाड़ियों को देशभर से चुना गया है। संघ ने जो लिस्ट जारी की है, उसमें झारखंड की गोलकीपर अंजली मुंडा (रांची), डिफेंडर सलीना कुमारी (गुमला), सुधा तिर्की, अष्टम उरांव (लोहरदगा), पूर्णिमा कुमारी (सिमडेगा), अंकिता तिर्की (गुमला), विंगर अनिता कुमारी (रांची) और मिडफिल्डर नीतू लिंडा (रांची) को इंडियन टीम में शामिल होने का मौका मिला है। भारतीय टीम का प्रशिक्षण जमशेदपुर में 23 अप्रैल से 31 मई तक चलेगा। इस कैंप के बाद अंतिम रूप से भारतीय टीम का चयन होगा।