जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए अगले सप्ताह नई दिल्ली की यात्रा पर जाएंगे ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली
लंदन। ब्रिटेन के विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने कहा कि भारत को जी-20 की अध्यक्षता ऐसे महत्वपूर्ण समय में मिली है, जब दुनिया अनेक बड़े संकटों से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि रूस-यूक्रेन युद्ध, वैश्विक खाद्य आपूर्ति में रूकावट और चीन की आक्रामक कार्रवाइयां मौजूदा विश्व की बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा कि वह जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए अगले सप्ताह नई दिल्ली की यात्रा पर जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि भारत ने पिछले साल एक दिसंबर को जी-20 की अध्यक्षता ग्रहण की थी। क्लेवरली ने कहा भारत की न केवल आर्थिक समृद्धि बल्कि कूटनीतिक प्रभाव में भी अविश्वसनीय रूप से वृद्धि हुई है। हम इससे बहुत खुश हैं। ब्रिटेन के भारत के साथ लंबे समय से चले आ रहे संबंधों पर हमें गर्व है।
यूक्रेन-रूस युद्ध का एक साल पूरा होने पर क्लेवरली ने यहां यूक्रेन में शांति और सुरक्षा बनाए रखने पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की उच्च स्तरीय परिचर्चा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत को जी-20 की अध्यक्षता ऐसे समय में मिली है, जब दुनिया यूक्रेन युद्ध समेत कई अन्य चुनौतियों का सामना कर रही है।