नई दिल्ली । भारत में तेजी से फैल रही कोरोना महामारी ने दिल्ली स्थिति सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय तक दस्तक दे दी है। सूत्रों के मुताबिक दिल्ली में भाजपा मुख्यालय 40 से अधिक कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। आपको बता दें कि भाजपा की कोर ग्रुप की बैठक से पहले सोमवार को सामूहिक परीक्षण किया गया, जिससें 42 कर्मचारी कोविड पॉजिटिव पाए गए।
सूत्रों ने कहा कि संक्रमित लोगों में कई सफाई कर्मचारी हैं। इन सभी को सेल्फ आइसोलेशन में रहने के लिए कहा गया है। सूत्रों ने यह भी कहा है कि मध्य दिल्ली के मिंटो रोड स्थित भाजपा मुख्यालय को पूरी तरह से साफ कर दिया गया है। भाजपा ने एक नया प्रोटोकॉल लागू किया है। किसी भी बड़ी बैठक से पहले दिल्ली में उनके मुख्यालय के सभी कर्मचारियों का कोविड-19 के लिए परीक्षण किया जाएगा।
एक भाजपा पदाधिकारी ने बताया कि केवल कार्यालय से संबंधित महत्वपूर्ण गतिविधियों में लगे लोग ही मुख्यालय में आ रहे हैं। कल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक पार्टी मुख्यालय में हुई थी।
इससे पहले सोमवार को भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा ने खुद के कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि की थी। उन्होंने लिखा था, शुरुआती लक्षणों को देखने के बाद मैंने खुद को कोविड पॉजिटिव पाया। मैं अब ठीक महसूस कर रहा हूं। डॉक्टरों की सलाह पर, मैंने खुद को अलग कर लिया है। वे सभी लोग जो पिछले कुछ समय में मेरे संपर्क में आए हैं, उनसे अनुरोध है कि वे अपना परीक्षण करवा लें।
आपको बता दें कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज एस बोम्मई, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट भी कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। मंगलवार को उत्तर प्रदेश में पार्टी के मामलों के प्रभारी भाजपा के शीर्ष नेता राधामोहन सिंह कोरोना संक्रमित हुए हैं। सोमवार रात लखनऊ में पार्टी के शीर्ष नेताओं की एक बैठक में वे शामिल हुए थे। इस बैठक में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और यूपी भाजपा प्रमुख स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद थे। राधा मोहन सिंह नो खुद को सेल्फ क्वारंटीन कर लिया है।