
वॉशिंगटन डीसी4 दिन पहले
- कॉपी लिंक
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को संसद में अपना दूसरा ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ भाषण दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने भारतीय समय के मुताबिक बुधवार सुबह संसद में भाषण दिया। साल की शुरुआत में संसद में प्रेसिडेंट के भाषण को ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ स्पीच कहा जाता है। ट्रम्प ने 1 घंटा 50 मिनट के भाषण में एक बार फिर भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा किया। ट्रम्प यह बात 100 से ज्यादा बार दोहरा चुके हैं।
उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के हवाले से कहा कि दोनों देशों के बीच परमाणु जंग में 3.5 करोड़ लोगों के मारे जाने की आशंका थी। हालांकि, भारत इस दावे को हमेशा खारिज करता आया है।
अपने भाषण में ट्रम्प ने इजराइल-हमास के बीच गाजा सीजफायर को अपनी उपलब्धि कहा। वहीं वेनेजुएला पर कब्जे के करीब डेढ़ महीने बाद वहां तेल उत्पादन में बढ़ोतरी का दावा करते हुए उसे अमेरिका का नया दोस्त करार दिया।
ट्रम्प ने ईरान को लेकर दावा किया कि अमेरिका ने पिछले साल जुलाई में हमला कर उसका न्यूक्लियर प्रोग्राम खत्म कर दिया था। साथ ही 28 दिसंबर से 14 जनवरी के बीच महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान 32 हजार प्रदर्शनकारियों को मारने का आरोप भी लगाया।
ट्रम्प का भाषण खत्म होने पर रिपब्लिकन सांसदों ने खड़े होकर तालियां बजाई। वहीं, विपक्षी डेमोक्रेटिक सांसद अपनी जगहों पर बैठे रहे।
ट्रम्प के भाषण की 6 बड़ी बातें…
- ईरान को चेतावनी: ट्रम्प ने बताया कि ईरान अमेरिका तक मार करने वाली मिसाइल बना सकता है। उन्होंने कहा ईरान ने पहले ही ऐसी मिसाइल बना ली हैं जो यूरोप और हमारे विदेशों में मौजूद ठिकानों के लिए खतरा हैं। ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के न्यूक्लियर हथियार प्रोग्राम को खत्म दिया गया है।
- भारत- पाकिस्तान संघर्ष पर दावा: ट्रम्प ने दावा किया कि उन्होंने भारत-पाकिस्तान जंग में 3.5 करोड़ मौतें रोकीं। उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के हवाले से कहा कि दोनों देशों के बीच परमाणु जंग में 3.5 करोड़ लोगों के मारे जाने की आशंका थी। हालांकि, भारत इस दावे को हमेशा खारिज करता आया है।
- गाजा संघर्ष विराम: ट्रम्प ने गाजा में इजराइल-हमास सीजफायर को कामयाब बताया, जिससे सभी इजराइली बंधक रिहा हो गए।
- महंगाई और ऑयल प्रोडक्शन: ट्रम्प ने कहा कि महंगाई के लिए डेमोक्रेट्स जिम्मेदार हैं और उनकी नीतियों से कीमतें तेजी से नीचे आ रही हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका में तेल का प्रोडक्शन रोज करीब 6 लाख बैरल से ज्यादा बढ़ा है।
- टैरिफ और व्यापार नीति: ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और नए 15% वैश्विक टैरिफ लागू करने की बात कही।
- एनर्जी प्रोडक्शन और वेनेजुएला: ट्रम्प ने तेल और गैस उत्पादन बढ़ाने की बात की और वेनेजुएला को अमेरिका का नया दोस्त बताया।
ट्रम्प के भाषण के दौरान के 5 मोमेंट्स…
1. डेमोक्रेटिक सांसद अल ग्रीन हाउस चैंबर से बाहर कर दिए गए। ग्रीन ने एक पोस्टर उठा रखा था, जिस पर लिखा था- ब्लैक पीपल आर नॉट एप्स! (काले लोग बंदर नहीं होते हैं।)
2. विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी ने जेफ्री एपस्टीन की पीड़ितों को राष्ट्रपति ट्रम्प के स्टेट ऑफ द यूनियन के भाषण में बुलाया। हालांकि, ट्रम्प ने एपस्टीन फाइल का एक बार भी जिक्र नहीं किया।
3. कुछ डेमोक्रेटिक सांसदों ने विरोध जताने वाले अलग तरह के कपड़े या बैज पहने। मर्सी कैप्टर ने ‘फाइलें जारी करो’ लिखा हुआ एक पिन पहना था, जो जेफ्री एपस्टीन से जुड़ा है।
4. सोमाली-अमेरिकी डेमोक्रेटिक सांसद इल्हान उमर ने चिल्लाते हुए कहा, ” ट्रम्प, आपने अमेरिकियों को मार डाला है!” ट्रम्प ने इसपर पलटवार करते हुए कहा, “आपको खुद पर शर्म आनी चाहिए।”
5. राष्ट्रपति ट्रम्प के सभी बच्चे उनके भाषण के दौरान गैलरी में मौजूद रहे। उनके साथ अमेरिका की फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प भी दिखी। ट्रम्प ने हाल ही में रिलीज हुई उनकी बायोग्राफी ‘मेलानिया’ को प्रमोट किया।
विपक्ष बोला- राष्ट्रपति झूठे, रूस-चीन के आगे झुके
वर्जीनिया की गवर्नर एबिगेल स्पैनबर्गर ने ट्रम्प की स्पीच के जवाब में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा-
- राष्ट्रपति ने आज अपनी सफलताओं के बारे में बताया, लेकिन वे रूस को आर्थिक ताकत और तकनीकी मजबूती सौंपते जा रहे हैं, चीन के आगे झुक रहे हैं, एक रूसी तानाशाह (पुतिन) के सामने झुक रहे हैं और ईरान के साथ जंग की योजना बना रहे हैं।
- आज स्पीच में राष्ट्रपति ने वही किया जो वे हमेशा करते हैं। उन्होंने झूठ बोला, दूसरों पर दोष मढ़ा और ध्यान भटकाया। उन्होंने हमारे देश की बड़ी समस्याओं के लिए कोई असली समाधान नहीं दिया, बल्कि उनमें से कई को खुद और खराब कर रहे हैं।
- हमारे राष्ट्रपति ने कम प्रशिक्षित फेडरल एजेंट्स को हमारे शहरों में भेजा है। उन्होंने बिना वारंट के अमेरिकी नागरिकों और अमेरिकी बनने की चाह रखने वाले लोगों को गिरफ्तार किया उन्होंने हमारे सड़कों पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की। ये सब उन्होंने चेहरा छिपाकर किया ताकि जवाबदेही से बच सकें।
स्टेट ऑफ द यूनियन को जानिए…
ट्रम्प के स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण से जुड़े अपडेट्स पढ़ने के लिए नीचे दिए ब्लॉग से गुजर जाइये…
अपडेट्स
06:26 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
विपक्ष बोला- राष्ट्रपति झूठे, वे चीन के आगे झुके, रूस को ताकत दिया
वर्जीनिया की गवर्नर एबिगेल स्पैनबर्गर ने ट्रम्प की स्पीच के जवाब में डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ से प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा, ‘राष्ट्रपति ने आज अपनी सफलताओं के बारे में बताया, लेकिन वे रूस को आर्थिक ताकत और तकनीकी मजबूती सौंपते जा रहे हैं, चीन के आगे झुक रहे हैं, एक रूसी तानाशाह (पुतिन) के सामने झुक रहे हैं और ईरान के साथ जंग की योजना बना रहे हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि आज रात स्पीच में राष्ट्रपति ने वही किया जो वे हमेशा करते हैं। उन्होंने झूठ बोला, दूसरों पर दोष मढ़ा और ध्यान भटकाया। उन्होंने हमारे देश की बड़ी समस्याओं के लिए कोई असली समाधान नहीं दिया, बल्कि उनमें से कई को खुद और खराब कर रहे हैं।
स्पैनबर्गर ने ट्रम्प की इमिग्रेशन नीति पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा, “हमारे राष्ट्रपति ने कम प्रशिक्षित फेडरल एजेंट्स को हमारे शहरों में भेजा है। उन्होंने बिना वारंट के अमेरिकी नागरिकों और अमेरिकी बनने की चाह रखने वाले लोगों को गिरफ्तार किया उन्होंने हमारे सड़कों पर अमेरिकी नागरिकों की हत्या की। और ये सब उन्होंने चेहरा छिपाकर किया ताकि जवाबदेही से बच सकें। हमारा इमिग्रेशन सिस्टम टूटा हुआ है, इसे ठीक करने की जरूरत है, लेकिन इसका बहाना बनाकर एजेंट्स हमारे समुदायों में डर फैलाएं, यह सही नहीं है।”
04:05 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
डेमोक्रेटिक सांसद बोले- ट्रम्प का झूठ नहीं सुन सकता
डेमोक्रेटिक सीनेटर मार्क वार्नर ने X पर एक पोस्ट में कहा कि वह ट्रम्प के भाषण के बीच में ही बाहर चले गए। उन्होंने कहा कि वह घंटों ट्रम्प का झूठ नहीं सुन सकते।
04:02 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने ईरान पर 32 हजार प्रदर्शनकारियों को मारने का आरोप लगाया
ट्रम्प ने कहा कि ईरान ऐसी मिसाइल डेवलप कर रहा है जो अमेरिका तक पहुंच सकती हैं।
उन्होंने कहा कि ईरान ने पहले ही ऐसी मिसाइल बना ली हैं जो यूरोप और हमारे विदेशों में मौजूद ठिकानों के लिए खतरा हैं और वे ऐसी मिसाइलें बनाने पर काम कर रहे हैं जो जल्द ही अमेरिका तक पहुंच जाएंगी।
ट्रम्प का कहना है कि ईरान ने 32,000 प्रदर्शनकारियों को मार डाला। वह अमेरिका को युद्ध में ले जाना चाहता है।
03:53 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ईरान का न्यूक्लियर हथियार प्रोग्राम खत्म किया
ट्रम्प ने कहा कि अमेरिका ने पिछले साल ईरान की न्यूक्लियर फैसिलिटी पर हमला कर उसका न्यूक्लियर हथियार प्रोग्राम पूरी तरह खत्म कर दिया।
ट्रम्प ने कहा कि वे पहले कूटनीति से समस्या सुलझाना चाहते थे, लेकिन ईरान ने यह वादा नहीं किया कि वह नाभिकीय हथियार नहीं बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमें वह सीक्रेट शब्द नहीं सुनाई दिए कि हम कभी एटमी हथियार नहीं बनाएंगे।
03:51 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के भाषण के बीच विपक्ष का विरोध प्रदर्शन
ट्रम्प के भाषण के बीच कैपिटल के पास नेशनल मॉल में द पीपल्स स्टेट ऑफ द यूनियन नामक एक खुली रैली में कुछ डेमोक्रेटिक कांग्रेस सदस्य और कार्यकर्ता एकत्रित हुए हैं।
आयोजकों ने पिछले सप्ताह कहा था कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य रिपब्लिकन प्रशासन की नीतियों का खामियों को उजागर करना है ।
सांसदों ने पोस्टर के जरिए ट्रम्प के इस्तीफे की मांग की।
लॉरेन हर्ष, एपस्टीन की पीड़ित
सीनेटर एड मार्की पीपुल्स स्टेट ऑफ द यूनियन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए।
03:45 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- गाजा में इजराइल-हमास की डील सफल रही
ट्रम्प ने कहा कि गाजा में इजराइल और हमास के बीच हुई संघर्ष विराम की डील सफल रही।
ट्रम्प ने दोहराया कि उन्होंने कार्यालय में लौटने के बाद आठ युद्धों को खत्म किया है और इसे भी उसी तरह की सफलता बताया।
उन्होंने कहा कि गाजा में युद्ध अब बहुत लो लेवर पर चल रहा है और इस समझौते की वजह से सभी इजराइली बंधक भी रिहा हो गए।
03:40 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने ‘ग्रेट हेल्थकेयर प्लान’ की जानकारी दी
ट्रम्प ने अपने ‘ग्रेट हेल्थकेयर प्लान’ के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि इस योजना का मकसद दवाओं की कीमत कम करना, स्वास्थ्य बीमा का प्रीमियम घटाना और कीमतों को साफ-साफ बताना है।
इस योजना की ज्यादा डिटेल नहीं दी गई है और कानून बनाने की जिम्मेदारी कांग्रेस (संसद) पर छोड़ी गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस उन ‘मोस्ट फेवर्ड नेशन’ समझौतों को कानून बनाए, जो उन्होंने 16 दवा कंपनियों के साथ किए हैं।
03:39 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- बाइडेन सरकार में 11,888 हत्यारे प्रवासी बनकर अमेरिका आए
ट्रम्प ने अपने भाषण में कहा कि बाइडेन सरकार ने 11,888 हत्यारों को प्रवासी बनकर अमेरिका में आने दिया। उन्होंने कहा कि वे हत्यारे थे।
ट्रम्प ने यह भी कहा कि व्हाइट हाउस ने चार महीने पहले वॉर ऑन फ्रॉड शुरू किया था और अब इसकी जिम्मेदारी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस को दी जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि मिनेसोटा में सोमाली समुदाय के कुछ लोगों ने अमेरिकी करदाताओं से करीब 19 अरब डॉलर की धोखाधड़ी की है और असली रकम इससे भी ज्यादा हो सकती है।
03:37 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने हाल में मारे गए चार्ली किर्क को महान बताया
ट्रम्प ने मारे गए रूढ़िवादी कार्यकर्ता चार्ली किर्क को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें एक महान इंसान और दोस्त बताया। किर्क की सितंबर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वे एक अमेरिकी कॉलेज में भाषण दे रहे थे।
ट्रम्प ने संसद में किर्क की पत्नी एरिका का परिचय कराया। इस दौरान एरिका के आंखों में आंसू आ गए थे।
03:31 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- हमारी पहली ड्यूटी अपने नागरिकों की रक्षा करना है
ट्रम्प ने भाषण के दौरान सभी सांसदों से कहा कि जो लोग इस बात से सहमत हैं कि ‘अमेरिकी सरकार की पहली ड्यूटी अमेरिकी नागरिकों की रक्षा करना है, न कि अवैध प्रवासियों की’ वे खड़े हो जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी की फंडिंग बहाल की जानी चाहिए, जो अभी बंद है।
रिपब्लिकन सांसद खड़े हो गए, जबकि डेमोक्रेट सांसदों ने ऐसा नहीं किया। ट्रम्प ने डेमोक्रेट्स से कहा कि उन्हें खड़ा न होने पर शर्म आनी चाहिए। इस पर कुछ डेमोक्रेट नेताओं ने जवाब में चिल्लाकर विरोध किया। मिनेसोटा की सांसद इल्हान ओमर ने कहा, ‘आपने अमेरिकियों को मरवाया है।’
03:25 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने दवाई वेबसाइट TrumpRx को प्रमोट किया
ट्रम्प ने अपनी वेबसाइट TrumpRx को प्रमोट किया। उन्होंने कहा कि इससे बिना बीमा वाले लोगों को सस्ती दवाएं मिल सकती हैं।
ट्रम्प ने एक कार्यकारी आदेश का जिक्र किया, जिसके तहत वॉल स्ट्रीट की इन्वेस्टमेंट कंपनियों को बड़ी संख्या में सिंगल-फैमिली घर खरीदने से रोका गया है।
उन्होंने कहा कि वह अपने फैसले लागू करने के लिए कार्यकारी आदेशों का इस्तेमाल कर रहे हैं और रिपब्लिकन नेताओं से अपील की कि उनकी नीतियों को कानून का रूप दिया जाए।
03:21 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- महंगाई के मुद्दे को पहले ही हल कर चुका
ट्रम्प ने महंगाई और बढ़ती कीमतों के मुद्दे पर बात की। वह पहले इस मुद्दे को डेमोक्रेट्स का झूठ बता चुके हैं और यह भी कह चुके हैं कि उन्होंने इसे हल कर दिया है।
ट्रम्प ने कहा कि ऊंची कीमतों के लिए डेमोक्रेट्स और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन की नीतियां जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार की नीतियां तेजी से इन कीमतों को कम कर रही हैं। ट्रम्प ने दावा किया कि कीमतें तेजी से नीचे आ रही हैं और लोगों से कहा कि थोड़ा इंतजार करें, जल्द ही ऐसे नतीजे दिखेंगे जिनकी किसी ने कल्पना नहीं की होगी।
03:20 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
तकनीकी कंपनियों को बिजली की जरूरत खुद पूरी करनी होगी
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि नई बातचीत के बाद हुए रेट प्रोटेक्शन प्लेज के तहत बड़ी तकनीकी कंपनियों को एआई डेटा सेंटरों के लिए अपनी बिजली की जरूरत खुद पूरी करनी होगी।
ट्रम्प ने साफ शब्दों में कहा, “मैं उनसे कह रहा हूं कि वे अपना खुद का पावर प्लांट बना सकते हैं। वे अपनी बिजली खुद पैदा करेंगे।”
उनका कहना है कि अगर टेक कंपनियां अपनी बिजली खुद बनाएंगी, तो आम लोगों पर बोझ नहीं पड़ेगा। इससे घरों के बिजली बिल बढ़ने से रोके जा सकेंगे।
03:18 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- सभी देश ट्रेड डील बनाए रखना चाहते हैं
सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ वाले फैसले का जिक्र करने के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा कि अच्छी खबर यह है कि लगभग सभी देश और कंपनियां पहले से किए गए समझौते को बनाए रखना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वे सभी जानते हैं कि राष्ट्रपति के तौर पर मेरे पास नया समझौता करने की कानूनी ताकत है, जो उनके लिए और भी सख्त हो सकता है।
03:16 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने सोमाली समुदाय को लुटेरा और अराजकता फैलाने वाला कहा
ट्रम्प ने अपने भाषण में फिर से सोमाली समुदाय को लेकर विवादित बयान दोहराया। उन्होंने कहा कि ‘सोमाली समुद्री लुटेरों ने रिश्वत, भ्रष्टाचार और अराजकता के जरिए मिनेसोटा को बर्बाद कर दिया।’ उन्होंने कहा कि बिना रोक-टोक इमिग्रेशन और ओपन बॉर्डर के कारण ऐसी संस्कृतियां अमेरिका में आती हैं और उनके साथ समस्याएं भी यहां पहुंचती हैं। मिनेसोटा से डेमोक्रेट सांसद इल्हान ओमर ने अपनी सीट से ही ट्रम्प को झूठा कहा। ट्रम्प ने कहा कि उनकी सरकार की ‘धोखाधड़ी के खिलाफ लड़ाई’ की लीडरशिप अब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस करेंगे।
03:11 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ रद्द करने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
ट्रम्प ने अपने भाषण में उन टैक्स कटौतियों की बात की। उन्होंने कहा कि उनके बड़े कानून ‘वन बिग ब्यूटीफुल बिल’ से इतिहास की सबसे बड़ी टैक्स कटौती हुई है।
ट्रम्प ने सुप्रीम कोर्ट के उस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया, जिसमें कहा गया कि उन्होंने इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट के तहत ग्लोबल टैरिफ लगाकर अपनी राष्ट्रपति शक्तियों का गलत इस्तेमाल किया।
ट्रम्प ने कहा कि इन टैरिफ से सैकड़ों अरब डॉलर आए और देश को आर्थिक और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से फायदे हुए। उन्होंने कहा कि पहले दूसरे देश अमेरिका का बहुत फायदा उठा रहे थे।
उन्होंने यह भी कहा कि टैरिफ से ‘कोई महंगाई नहीं’ हुई और ‘जबरदस्त विकास’ हुआ, हालांकि यह दावा सही नहीं माना गया। इसके बाद ट्रम्प ने ट्रेड एक्ट की धारा 122 के तहत लगाए गए नए 15% वैश्विक टैरिफ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये टैरिफ थोड़े जटिल हैं, लेकिन पहले से बेहतर साबित होंगे।
ट्रम्प ने कहा कि इन टैरिफ के लिए कांग्रेस की निगरानी की जरूरत नहीं होगी, लेकिन नियम के मुताबिक ये टैरिफ सिर्फ 150 दिनों तक ही लागू रह सकते हैं। इसके बाद इन्हें जारी रखने के लिए कांग्रेस की मंजूरी जरूरी होगी।
02:56 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने अमेरिकी महिला आइस हॉकी टीम को व्हाइट हाउस बुलाया
ट्रम्प ने कहा कि गोल्ड मैडल जीतने वाली अमेरिकी महिला आइस हॉकी टीम जल्द ही व्हाइट हाउस आएगी। इससे पहले टीम ने संबोधन में शामिल होने का निमंत्रण अस्वीकार कर दिया था।
रविवार को पुरुष आइस हॉकी टीम की जीत के बाद ट्रम्प ने फोन करके उन्हें बधाई दी। उस समय टीम एफबीआई निदेशक काश पटेल के साथ लॉकर रूम में जश्न मना रही थी। ट्रम्प ने उन्हें मंगलवार को व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया।
इसी दौरान उन्होंने कहा कि महिला टीम को भी बुलाना होगा। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि अगर उन्हें नहीं बुलाया गया तो उन पर महाभियोग चल सकता है।
मंगलवार को ट्रम्प के भाषण से पहले पुरुष टीम को व्हाइट हाउस बुलाया गया था।
लेखिका और निर्माता बोंडी नॉरगार्ड ने ट्रम्प की टिप्पणियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि ये बातें दुखद हैं और खेलों में महिलाओं और पुरुषों के बीच जारी असमानता को दिखाती हैं।
उन्होंने अपने लेख में लिखा कि आज भी महिलाओं की उपलब्धियों को अक्सर कम महत्व दिया जाता है या सिर्फ औपचारिकता के तौर पर स्वीकार किया जाता है।
02:47 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- अमेरिका में तेल प्रोडक्शन रोजाना 6 लाख बैरल बढ़ा
ट्रम्प ने अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण में ‘ड्रिल, बेबी ड्रिल’ नीति की बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में तेल का प्रोडक्शन रोज करीब 6 लाख बैरल से ज्यादा बढ़ा है।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका में प्राकृतिक गैस का उत्पादन अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर है और इसका कारण यह है कि उन्होंने ज्यादा ड्रिलिंग की इजाजत दी है
02:42 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
डेमोक्रेटिक सांसद ने ट्रम्प का विरोध किया
डेमोक्रेटिक सीनेटर एलिजाबेथ वॉरेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर राष्ट्रपति ट्रम्प के बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने लिखा कि ट्रम्प ने इसे अमेरिका का गोल्डन एज बताया है, लेकिन यह किसके लिए है?
वॉरेन ने कहा कि किराने के सामान की कीमतें बढ़ी हुई हैं, किराया बढ़ा हुआ है, बिजली-पानी जैसे यूटिलिटी खर्च बढ़े हुए हैं और स्वास्थ्य सेवाओं का खर्च भी बढ़ा हुआ है।
02:38 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प ने पुरुष हॉकी ओलंपिक टीम की तारीफ की
ट्रम्प ने पुरुष हॉकी ओलंपिक टीम का जिक्र करते हुए कहा कि आज हमारे बीच विजेताओं का एक समूह है, जिसने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है।
इसके बाद खिलाड़ियों ने अपने गोल्ड मेडल उठाकर दिखाए और वहां मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि अमेरिका की महिला ओलंपिक हॉकी टीम जल्द ही व्हाइट हाउस आएगी।
2026 के मिलानो-कोर्टिना विंटर ओलंपिक्स में अमेरिका की पुरुष हॉकी टीम ने कनाडा को 2-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता, जो 1980 के बाद पहला ओलंपिक गोल्ड है।
02:31 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- वेनेजुएला-अमेरिका नए दोस्त
ट्रम्प ने अपने भाषण में विदेश नीति का पहला जिक्र वेनेजुएला के बारे में किया और वेनेजुएला को अमेरिका नया दोस्त और साझेदार बताया।
उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने वेनेजुएला से 80 मिलियन बैरल तेल हासिल किया है, जो वेनेजुएला के साथ बढ़ते हुए रिश्ते का संकेत है।
02:29 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
डेमोक्रेटिक सांसद को हाउस से बाहर निकाला
डेमोक्रेटिक सांसद अल ग्रीन, जिन्हें पिछले साल ट्रम्प के भाषण में बीच में टोकने पर फटकार लगाई गई थी, इस बार हाउस चैंबर से बाहर कर दिए गए।
ग्रीन ने एक हाथ से लिखा पोस्टर उठा रखा था, जिस पर लिखा था- ब्लैक पीपल आर नोट एप्स! (काले लोग बंदर नहीं होते हैं।)
एक रिपब्लिकन सांसद ने उनसे पोस्टर नीचे करने को कहा, लेकिन ग्रीन ने मना कर दिया। इसके बाद सीनेटर मार्कवेयन मुलिन उनके पास आए और उन्हें रोकने की कोशिश की। दोनों के बीच थोड़ी देर तक बहस भी हुई।
02:23 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- मुझे विरासत में खराब हालात मिले थे
ट्रम्प ने कहा कि जब वह दोबारा व्हाइट हाउस लौटे तो उन्हें बहुत खराब हालात विरासत में मिले थे, लेकिन एक साल के अंदर देश में बड़ा बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ एक साल में मैं गर्व के साथ कह सकता हूं कि हमने ऐसा बदलाव किया है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया।
02:18 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- हमारा देश पहले से ज्यादा अमीर और मजबूत हुआ
राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने भाषण की शुरुआत करते हुए कहा कि हमारा देश वापस आ गया है पहले से बड़ा, बेहतर, ज्यादा अमीर और ज्यादा मजबूत।
उन्होंने इस साल मनाई जाने वाली अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ का भी जिक्र किया और अपने राष्ट्रपति कार्यकाल को ‘ऐसा बदलाव जो लंबे समय तक याद रखा जाएगा’ बताया।
01:50 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प भाषण के लिए अमेरिकी संसद पहुंचे
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अपने स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण के लिए US कैपिटल हिल (संसद) पहुंच गए हैं। फर्स्ट लेडी मेलानिया ट्रम्प भी उनके साथ संसद पहुंची हैं।
01:36 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प टैरिफ नीति को देश की सुरक्षा से जोड़ सकते हैं
इस बार भाषण की थीम ‘अमेरिका एट 250: स्ट्रॉन्ग, प्रॉस्पेरस एंड रिस्पेक्टेड’ रखी गई है। CNN के मुताबिक अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में ट्रम्प के कुछ टैरिफ पर रोक लगा दी थी। इसके बाद उन्होंने सीमित समय के लिए नया टैरिफ लागू किया है। हो सकता है वे इसे राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति के लिए जरूरी कदम बता सकते हैं।
ट्रम्प विदेश नीति पर भी खुलकर बोल सकते हैं। ईरान को लेकर तनाव बढ़ा हुआ है और गाजा में हालात को लेकर भी अमेरिका की भूमिका चर्चा में है। ट्रम्प खुद को मजबूत नेता के तौर पर पेश करते हुए कह सकते हैं कि सख्त रुख ही शांति का रास्ता है।
यूक्रेन युद्ध भी चर्चा में रहेगा। रूस के हमले को चार साल पूरे हो गए हैं। चुनाव प्रचार के दौरान ट्रम्प ने कहा था कि वह एक दिन में युद्ध खत्म कर देंगे, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ है। इमिग्रेशन भी उनका प्रमुख मुद्दा रहेगा। सत्ता में लौटने के बाद उन्होंने बड़े पैमाने पर डिपोर्ट ऑपरेशन चलाया और दक्षिणी बॉर्डर पर सख्ती बढ़ाई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रम्प ने 13 महीनों में लगभग 240 एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किए हैं। फ्रैंकलिन डी रूजवेल्ट के बाद इतने कम समय में इतने ज्यादा आदेश किसी राष्ट्रपति ने जारी नहीं किए।
01:35 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प किन-किन मुद्दों पर भाषण दे सकते हैं
वे दावा कर सकते हैं कि उनके कार्यकाल में अमेरिका की अर्थव्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत हुई है और देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
टैरिफ पर उनका जोर यह हो सकता है कि दूसरे देशों पर सख्ती अमेरिका की सुरक्षा और आर्थिक हितों के लिए जरूरी है।
ईरान के मुद्दे पर वे सख्त रुख दिखाते हुए अमेरिका की किसी भी खतरे से निपटने की तैयारी का संदेश दे सकते हैं।
गाजा और मिडिल ईस्ट के हालात पर वे खुद को मजबूत और निर्णायक नेता के रूप में पेश कर सकते हैं।
रूस-यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए वे शांति स्थापित करने की अपनी कोशिशों की जानकारी दे सकते हैं।
इमिग्रेशन और सीमा सुरक्षा को वे देश की सुरक्षा और नौकरियों की रक्षा से जोड़ सकते हैं।
वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को अमेरिका की बड़ी कूटनीतिक सफलता के तौर पर पेश किया जा सकता है।
ग्रीनलैंड को अमेरिका के लिए रणनीतिक रूप से अहम बताते हुए इस पर ध्यान देने की जरूरत पर जोर दिया जा सकता है।
मिडटर्म चुनाव से पहले वे समर्थकों को यह संदेश दे सकते हैं कि उनकी नीतियां देश को सही दिशा में ले जा रही हैं।
01:35 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
हर साल जनवरी या फरवरी में ये भाषण होता है
अमेरिका में राष्ट्रपति हर साल जनवरी या फरवरी में कांग्रेस (संसद) को एक संबोधित करते हैं, जिसे ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ कहा जाता है। स्टेट ऑफ द यूनियन के दिन संसद की प्रतिनिधि सभा (निचला सदन) और सीनेट (ऊपरी सदन) के सदस्य हाउस चैंबर में इकट्ठा होते हैं।
स्पीकर ऑफ द हाउस और उपराष्ट्रपति जो सीनेट के अध्यक्ष भी होते हैं, राष्ट्रपति के पीछे ऊंचे मंच पर बैठते हैं। जब राष्ट्रपति संसद में पहुंचते हैं तो हाउस के सार्जेंट-एट-आर्म्स उनके आने की घोषणा करते हैं। इसके बाद स्पीकर राष्ट्रपति का परिचय कराते हैं और राष्ट्रपति कांग्रेस को अपना भाषण देते हैं।
01:34 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
कैबिनेट का एक मेंबर कार्यक्रम में शामिल नहीं होता
एक परंपरा के मुताबिक राष्ट्रपति के कैबिनेट का एक सदस्य इस कार्यक्रम में शामिल नहीं होता। ऐसा इसलिए किया जाता है ताकि अगर कोई बड़ी दुर्घटना हो जाए और राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और बाकी कैबिनेट सदस्य की मौत हो जाए, तो जो सदस्य कार्यक्रम में नहीं आया है वह राष्ट्रपति की जिम्मेदारी संभाल सके।
राष्ट्रपति अपने भाषण के लिए कुछ खास अमेरिकी नागरिकों को भी बुलाते हैं। इन लोगों को इसलिए आमंत्रित किया जाता है क्योंकि उन्होंने कोई असाधारण काम किया होता है। भाषण के दौरान राष्ट्रपति उनका परिचय कराते हैं और सम्मानित करते हैं।
स्टेट ऑफ द यूनियन संदेश के बाद विपक्षी पार्टी की ओर से एक जवाबी भाषण दिया जाता है। इसमें विपक्ष के नेता राष्ट्रपति की बातों पर अपनी राय रखते हैं और देश को बेहतर बनाने के लिए अलग सुझाव देते हैं।
ट्रम्प के स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण के दौरान उनकी कैबिनेट का एक मेंबर संसद में मौजूद नहीं रहेगा, ताकि अगर कोई अनहोनी हो जाए वो राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभा सके।
01:24 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
इसे पहले ‘एनुअल मैसेज’ कहा जाता था
स्टेट ऑफ द यूनियन की परंपरा अमेरिकी संविधान से जुड़ी है। संविधान के अनुच्छेद 2 में लिखा है कि राष्ट्रपति समय-समय पर कांग्रेस को देश के हालात की जानकारी देंगे और जरूरी कदमों की सिफारिश करेंगे।
शुरुआत में इस भाषण को ‘एनुअल मैसेज’ कहा जाता था। जॉर्ज वॉशिंगटन से लेकर हर्बर्ट हूवर तक सभी राष्ट्रपति इसे इसी नाम से बुलाते थे। फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट पहले राष्ट्रपति थे जिन्होंने अपने 1941 के भाषण में इसे ‘स्टेट ऑफ द यूनियन’ कहा। हालांकि उनका यह भाषण ‘फोर फ्रीडम्स’ नाम से ज्यादा फेमस है।
संविधान में यह नहीं बताया गया है कि यह संदेश कब और कैसे दिया जाए, लेकिन परंपरा के तौर पर राष्ट्रपति हर साल एक बार यह भाषण देते हैं। पहले यह भाषण आमतौर पर दिसंबर में दिया जाता था, लेकिन 1934 के बाद से इसे जनवरी या फरवरी में दिया जाने लगा।
साल 2022 में जो बाइडेन मार्च महीने में व्यक्तिगत रूप से यह भाषण देने वाले पहले राष्ट्रपति बने थे। उन्होंने 2024 में भी ऐसा ही किया। पिछले साल डोनाल्ड ट्रम्प ने भी कांग्रेस के संयुक्त सत्र में इसी तरह का संबोधन दिया था।
फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने 1941 में अपने भाषण को स्टेट ऑफ द यूनियन कहा था, इससे पहले इसे ‘एनुअल मैसेज कहा जाता था।
01:24 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
थॉमस जेफरसन ने लिखित संदेश भेजे थे
एक समय ऐसा भी था जब ये स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण के रूप में नहीं बल्कि लिखित रूप में भेजा जाता था। जॉर्ज वॉशिंगटन (1789-1797) और जॉन एडम्स (1797-1801) ने कांग्रेस के सामने जाकर भाषण दिया था, लेकिन थॉमस जेफरसन (1801-1809) ने लिखित संदेश भेजने की परंपरा शुरू की।
माना जाता है कि वह अच्छे वक्ता नहीं थे। इसके बाद 1913 तक राष्ट्रपति लिखित संदेश ही भेजते रहे। फिर वुडरो विल्सन (1913-1921) ने दोबारा कांग्रेस के जॉइंट सेशन को संबोधित करने की परंपरा शुरू की। फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट के बाद से ज्यादातर राष्ट्रपति भाषण देकर ही अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हैं।
दो राष्ट्रपति ऐसे रहे जो यह भाषण नहीं दे पाए। विलियम हेनरी हैरिसन की 1841 में बीमारी से मौत हो गई थी और जेम्स गारफील्ड की 1881 में एक हमले में मृत्यु हो गई थी। इसलिए दोनों अपने कार्यकाल में स्टेट ऑफ द यूनियन नहीं दे सके।
रॉनल्ड रीगन ने 1981 में अपने पहले संबोधन को स्टेट ऑफ द यूनियन नहीं कहा था। उन्होंने इसे ‘एड्रेस बिफोर अ जॉइंट सेशन ऑफ कांग्रेस’ नाम दिया। उनके बाद आने वाले सभी राष्ट्रपतियों ने अपने पहले साल के भाषण को स्टेट ऑफ द यूनियन नहीं कहा।
01:22 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
समय के साथ भाषण की लंबाई बदलती रही
भाषण की लंबाई भी समय के साथ अलग-अलग रही है। जॉर्ज वॉशिंगटन का भाषण सबसे छोटा था, जिसमें केवल 1089 शब्द थे। रिचर्ड निक्सन का 1972 का भाषण सबसे कम समय का था, जो करीब 29 मिनट चला।
जिमी कार्टर का 1981 का लिखित संदेश सबसे लंबा था, जिसमें 33667 शब्द थे। यह आखिरी बार था जब स्टेट ऑफ द यूनियन लिखित रूप में दिया गया।
समय के साथ इन भाषणों की भाषा भी आसान हो गई है। पहले राष्ट्रपति कठिन और हाई लेवल की भाषा में बोलते थे, लेकिन अब आम लोगों को ध्यान में रखकर सरल भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
रिचर्ड निक्सन ने 1972 में 29 मिनट का स्टेट ऑफ द यूनियन भाषण दिया था, जो सबसे कम समय का भाषण है।
01:22 AM25 फ़रवरी 2026
- कॉपी लिंक
हैरी ट्रूमैन ने 1947 में पहली बार टीवी पर भाषण दिया
तकनीक के कारण इन भाषणों को सुनने और देखने के तरीके बढ़े हैं। कैल्विन कूलिज पहले राष्ट्रपति थे जिनका संदेश 1923 में रेडियो पर प्रसारित हुआ। हैरी ट्रूमैन का भाषण 1947 में पहली बार टेलीविजन पर दिखाया गया।
बिल क्लिंटन का भाषण 1997 में इंटरनेट पर प्रसारित हुआ। इसके बावजूद दर्शकों की संख्या बढ़ने के बजाय कम हुई है। 1993 में लगभग 6.7 करोड़ लोगों ने क्लिंटन का भाषण देखा था, जबकि पिछले साल ट्रम्प का भाषण करीब 3.66 करोड़ लोगों ने देखा।
इतिहास में कई अहम घोषणाएं इसी मंच से की गई हैं। जेम्स मुनरो ने 1823 में मुनरो डॉक्ट्रिन की घोषणा की थी। थियोडोर रूजवेल्ट ने 1904 में इसमें अपना संशोधन जोड़ा। फ्रैंकलिन डी. रूजवेल्ट ने 1941 में ‘फोर फ्रीडम्स’ पेश किया। जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने 2002 में ‘एक्सिस ऑफ ईविल’ शब्द का इस्तेमाल किया था।



