Breaking News

उप्र. में ओलावृष्टि के साथ बारिश की संभावना, बादलों से घिरेगा आसमान

कानपुर। पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवातों की सक्रियता से उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी पांच दिन उत्तर प्रदेश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। साथ ही ओलावृष्टि के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। ऐसे में सुबह शाम की सर्दी अभी बनी रहेगी।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन सुनील पाण्डेय ने मंगलवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ को मध्य क्षोभ मंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक गर्त के रूप में देखा जाता है, जिसकी धुरी समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है, लगभग 55 डिग्री पूर्व देशांतर के साथ 29 डिग्री उत्तर अक्षांश के उत्तर में है।

पूर्वी असम और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। एक ट्रफ रेखा मालदीव से केरल होते हुए दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक से गुजरते हुए उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तक फैली हुई है। एक अन्य ट्रफ रेखा पूर्वी मध्य अरब सागर से उत्तर-पूर्व अरब सागर और दक्षिण गुजरात होते हुए दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक फैली हुई है। 29 फरवरी से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र के करीब पहुंच सकता है।

मौसम की इन गतिविधियों को देखते हुए पूर्वानुमान है कि कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में अभी बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, बादल छाएंगे और बादल छाने के साथ-साथ कहीं कहीं चार मार्च तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

उन्होंने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 25.0 और न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 82 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 39 प्रतिशत रही। हवाओं की दिशाएं उत्तर पूर्व रहीं जिनकी औसत गति 1.9 किमी प्रति घंटा रही।

मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। इसके साथ ही 28 फरवरी से चार मार्च के मध्य तेज हवाओं, गरज-चमक एवं ओलावृष्टि के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.