
T20 वर्ल्डकप
सैंटनर बोले- चीजें कंट्रोल से बाहर, हम दूसरों के भरोसे:पेसर मैट हेनरी न्यूजीलैंड लौटे; हैरी ब्रूक ने कहा- बटलर सेमीफाइनल में चलेंगे
स्पोर्ट्स डेस्क1 दिन पहले
- कॉपी लिंक
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने कहा कि उनकी टीम अब श्रीलंका की जीत के भरोसे है।
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 रोमांचक मोड़ पर आ गया है। सुपर-8 स्टेज में 2 दिन का खेल बाकी है और सेमीफाइनल की 2 टीमें अब भी तय होना बाकी है। 2 स्पॉट के लिए 4 टीमें रेस में बनी हुई हैं।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने इंग्लैंड से हार के बाद कहा कि चीजें अब उनके कंट्रोल से बाहर हो गई हैं। टीम अब पाकिस्तान की हार के भरोसे है। टीम के तेज गेंदबाज मैट हेनरी भी पारिवारिक कारणों के चलते न्यूजीलैंड लौट गए हैं।
सुपर-8 स्टेज में लगातार 3 मैच जीतकर सेमीफाइनल में एंट्री करने वाली इंग्लिश टीम के कप्तान हैरी ब्रूक ने जोस बटलर का बचाव किया। वे बोले- बटलर भले रन नहीं बना पा रहे हैं, लेकिन सेमीफाइनल में बड़ी पारी खेलेंगे।
बटलर सिर्फ एक अच्छी पारी दूर हैं- ब्रूक
जोस बटलर न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 मैच में खाता भी नहीं खोल सके।
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जोस बटलर इस वर्ल्ड कप में अब तक फ्लॉप रहे हैं। उनके बल्ले से रन नहीं निकल रहे, जिससे टीम की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, प्रेस कॉन्फ्रेंस में कप्तान हैरी ब्रूक ने साफ कहा कि बटलर की फॉर्म को लेकर टीम में कोई टेंशन नहीं है।
ब्रूक बोले, “जोस दुनिया के बेस्ट खिलाड़ियों में से एक हैं। क्रिकेट में कभी-कभी रन नहीं बनते, इसका मतलब यह नहीं कि वे खराब खेल रहे हैं। वे नेट्स में अच्छी बैटिंग कर रहे हैं। हमें पता है कि वे सिर्फ एक बड़ी पारी दूर हैं। सेमीफाइनल जैसे बड़े मैच में वे जरूर वापसी करेंगे और मैच जिताएंगे।”
7 पारियों में 62 रन ही बना सके बटलर
जोस बटलर न्यूजीलैंड के खिलाफ खाता भी नहीं खोल सके, उन्हें लॉकी फर्ग्यूसन ने विकेटकीपर टिम साइफर्ट के हाथों कॉट बिहाइंड करा दिया था। बटलर ने नेपाल के खिलाफ 26 और वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 रन बनाकर टूर्नामेंट शुरू किया था। हालांकि, पिछले 5 मुकाबलों में वे 10 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके। वे 7 पारियों में 62 रन ही बना सके।
जोस बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड ने 2022 का टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
सैंटनर बोले- हम दूसरों के भरोसे
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैंटनर ने कहा, “यह देखकर दुख होता है कि अब चीजें हमारे कंट्रोल में नहीं हैं। हमें दूसरी टीमों के नतीजों पर नजर रखनी पड़ रही है। हमने कुछ मौकों पर गलतियां कीं, जिसका नुकसान हमें उठाना पड़ रहा है।”
सैंटनर ने माना कि इंग्लैंड के खिलाफ टीम ने पावरप्ले और डेथ ओवर्स में सही खेल नहीं दिखाया। उन्होंने कहा कि अब बस एक ही रास्ता है कि श्रीलंका आखिरी मैच जीते और हम नॉकआउट में पहुंच जाएं।
मैट हेनरी न्यूजीलैंड लौटे
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी इंग्लैंड के खिलाफ मैच के बाद वापस देश लौट गए। वे अपने पहले बच्चे के जन्म के समय अपनी पत्नी के साथ रहना चाहते हैं। हेनरी ने इस बारे में टीम मैनेजमेंट को पहले ही बता दिया था।
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड (NZC) ने हेनरी के फैसले को सपोर्ट किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। हालांकि, न्यूजीलैंड अगर सेमीफाइनल में पहुंच गया तो हेनरी की कमी टीम को जरूर खलेगी। उन्होंने ही श्रीलंका के खिलाफ पावरप्ले में 2 अहम विकेट लेकर टीम की जीत की नींव रखी थी।
क्या है सेमीफाइनल का गणित?
वर्ल्ड कप में अब पूरा खेल ‘करो या मरो’ वाली स्थिति में पहुंच गया है। इसे 3 पॉइंट्स में समझते हैं…
- ग्रुप-2 में आज श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच मैच होगा। श्रीलंका जीता तो न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा।
- पाकिस्तान ने श्रीलंका को 64 रन या 13.1 ओवर में हरा दिया तो पाक टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। अगर जीत के बावजूद पाकिस्तान का रन रेट न्यूजीलैंड से खराब रहा तो कीवी टीम नॉकआउट में एंट्री कर लेगी।
- ग्रुप-1 में रविवार शाम 7 बजे से भारत और वेस्टइंडीज के बीच मैच होगा। यह क्वार्टर फाइनल की तरह है। जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी, वहीं हारने वाली बाहर हो जाएगी।
—————————————–
क्रिकेट का कीड़ा है तो सॉल्व कीजिए ये सुपर क्विज क्या आप खुद को क्रिकेट के सुपर फैन मानते हैं? पूरे T20 वर्ल्ड कप टूर्नामेंट के दौरान दैनिक भास्कर के खास गेम ‘SUPER ओवर’ में रोज क्रिकेट से जुड़े 6 सवाल आपका क्रिकेट ज्ञान परखेंगे। जितनी जल्दी सही जवाब देंगे उतने ज्यादा रन बनेंगे। जितने ज्यादा रन बनेंगे, लीडरबोर्ड में उतना ही ऊपर आएंगे। तो रोज खेलिए और टूर्नामेंट का टॉप स्कोरर बनिए। अभी खेलें SUPER ओवर…क्लिक करें
————————————————–
टी-20 वर्ल्ड कप की यह खबर भी पढ़ें…
इंग्लैंड ने लगातार तीसरा सुपर-8 मैच जीता, कीवियों की उम्मीदें पाकिस्तान पर टिकीं
इंग्लैंड ने टी-20 वर्ल्ड कप के 9वें सुपर-8 मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हरा दिया है। इस जीत ने पाकिस्तान के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें कायम रखी हैं। वहीं, न्यूजीलैंड को पाकिस्तान के प्रदर्शन पर निर्भर कर दिया है। पढ़ें पूरी खबर…



