पुलिस मुठभेड़ में लुटेरे के पैर में लगी गोली, असलहा समेत गिरफ्तार

0
2

कानपुर। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को पुलिस और लुटेरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक शातिर लुटेरे सुमित कुमार के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी आदित्य सोनकर मौके से फरार हो गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश में दबिश दे रही है।

बंबा रोड निवासी कुसुम तीन मार्च को गृहस्थी का सामान खरीदने के लिए बाजार गई थीं। इसी दौरान महाराणा प्रताप स्कूल के पास पीछे से आए स्कूटी सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर कल्याणपुर थाने में अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस की मदद से कई अहम सुराग जुटाए। आज बारासिरोही नहर पुल के पास पुलिस ने जब संदिग्ध स्कूटी सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया ताे दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर स्कूटी के पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने रक्षात्मक कार्रवाई करते हुए जवाबी फायर किया, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और उसे मौके पर ही दबोच लिया गया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान सुमित कुमार के रूप में हुई है। उसके पास से एक देसी तमंचा, कारतूस, 9200 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है। आरोपित पर लूट के चार मुकदमे दर्ज हैं। फरार बदमाश की पहचान आदित्य सोनकर के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा दबिश दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here