ईरान में बमबारी, स्कूल उड़ा, इजराइल में बज रहे सायरन, लेबनान में हमला, मध्य पूर्व पहुंचने वाले हैं अमेरिकी पैराट्रूपर्स

0
5

 

 

तेहरान/तेल अवीव/बेरूत/वाशिंगटन। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच 28 फरवरी से छिड़ा युद्ध दिन-ब-दिन विस्तार लेता जा रहा है। इस युद्ध की विभीषिका में खाड़ी देश भी झुलस रहे हैं। तेल और गैस के लिए निर्भर दुनिया के बाकी देशों में अलग तरह का संकट खड़ा हो गया है। ईरान और इजराइल के साथ लेबनान के आसमान पर मिसाइलें गरज रही हैं। ईरान में हुई बमबारी में एक स्कूल उड़ गया है। इजराइल के मध्य में सायरन बज रहे हैं। लेबनान में रॉकेट, मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं। इस सबके बीच अमेरिकी रक्षा मुख्यालय (पेंटागन) ने संकेत दिए हैं कि मध्य-पूर्व में 82वीं एयरबोर्न टुकड़ियों ( पैराट्रूपर्स) को भेजे जाने की हरी झंडी मिल गई है।

अल जजीरा, द टाइम्स ऑफ इजराइल और सीबीएस न्यूज की अलग-अलग रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, आज तड़के ईरान की राजधानी के पूरब में धमाकों की आवाज सुनी गई है और चल रही बमबारी में रिहायशी इमारतें और एक स्कूल तबाह हो गया है। उधर, इजराइल की सेना ने ईरान से देश के मध्य हिस्सों की ओर दागे गए प्रोजेक्टाइल का पता लगाया है। इस हमले के बाद पूरे मध्य इजराइल में हवाई हमले के अलार्म बज उठे।

ईरान और हिजबुल्लाह ने इजराइल की राजधानी तेल अवीव और उत्तरी इलाकों में मिसाइल हमला किया है। हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम एक दर्जन लोग घायल हो गए। इजराइली सेना ने दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के ठिकानों पर सटीक हमले किए हैं। खबरों में बताया गया है कि इराकी समूह इस्लामिक रेजिस्टेंस ने पिछले 24 घंटों में अमेरिकी ठिकानों पर 23 हमलों का दावा किया है। यह समूह ईरान-समर्थित मिलिशिया का नेटवर्क है। इसमें शक्तिशाली समूह कताइब हिजबुल्लाह भी शामिल है।

Advertisement

बताया जा रहा है कि कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले के बाद फ्यूल टैंक में आग लग गई। कुवैत सिविल एविएशन प्राधिकरण ने इसकी पुष्टि की है। जॉर्डन की राजधानी अमान के दक्षिण में कम आबादी वाले इलाके में मिसाइल के टुकड़े गिरने की सूचना है। सऊदी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने देश के पूर्वी प्रांत में एक बैलिस्टिक मिसाइल और कम से कम छह ड्रोन को मार गिराया। इजराइल के उत्तर में कीर्यात श्मोना शहर और आसपास के क्षेत्रों में हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई है।

सीबीएस न्यूज ने अमेरिकी रक्षा विभाग के उच्च पदस्थ सूत्रों के हवाले से कहा है कि अमेरिका ने मध्य पूर्व में अपने पैराट्रूपर्स को भेजने का फैसला किया है। दावा किया गया है कि पेंटागन सेना की 82वीं एयरबोर्न डिवीजन के जांबाज जवानों को मध्य पूर्व भेजेगा। यह भी कहा जा रहा है कि यह फैसला राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और दूत स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर (राष्ट्रपति के दामाद) ने लंबी चर्चा के बाद लिया। अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के न खुलने पर चिंता जताई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here