
जोधपुर। प्रदेश की राजधानी जयपुर में 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार आर्मी के असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर सुधांशु सुमन को शनिवार को जोधपुर में सीबीआई मामलों के जज के निवास पर पेश किया गया। आरोप है कि उसने 35 लाख रुपए का बिल पास करने के बदले 90 हजार रुपए घूस की मांग की थी। इस पर शुक्रवार को जोधपुर सीबीआई की टीम ने जयपुर में रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। जिसके बाद आज सीबीआई की टीम आरोपी को जयपुर से जोधपुर लेकर पहुंची।
दरअसल शुक्रवार को जयपुर के निवारू आर्मी कैंट से आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। यह कार्रवाई जोधपुर सीबीआई के डीआईजी राजवीर सिंह के नेतृत्व में की गई थी। आर्मी के असिस्टेंट गैरिसन इंजीनियर सुधांशु सुमन ने 35 लाख रुपए का बिल पास करने की एवज में 90 हजार रुपए रिश्वत राशि की मांग की थी।
शिकायत के बाद ट्रैप का आयोजन कर जयपुर में 50 हजार रुपए की रिश्वत राशि लेते सीबीआई टीम ने उसे पकड़ लिया। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उसे जयपुर से जोधपुर लाया गया, यहां पर सीबीआई मामले के विशेष न्यायाधीश के आवास पर उसे पेश किया गया। यहां पर उसे दो दिन की सीबीआई रिमांड पर सौंप दिया गया।







