बागपत। चैत्र नवरात्र के पहले दिन उत्तर प्रदेश में बागपत जिले के अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) सहित नौ लोगों की कुट्टू के आटे से बने भोजन काे खाने के बाद तबियत बिगड़ गई। उन सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दुकानों पर छापेमारी की कार्रवाई की।
चैत्र नवरात्र गुरुवार से शुरू हो गये है। नवरात्र के पहले दिन अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) शिव नारायण उपवास थे। गुरुवार शाम को उन्होंने कुट्टू के आटे से बना भोजन को खाया तो उन्हें उल्टियां शुरू हो गई। बैचेनी बढ़ने पर आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, कुछ देर बाद उनके फालोअर सतीश कश्यप भी अस्पताल पहुंच गये। उन्हाेंने भी कुट्टू के आटे से बना भोजन किया था। यहीं नहीं अस्पताल में अलग-अलग जगहों से सात लोग और पहुंच गए। डॉक्टरों ने जांच की, जिसमें पाया गया कि भोजन खाने से ही एडीएम और अन्य लोगों की तबीयत बिगड़ी थी। इधर इस घटना की जानकारी के बाद हरकत में आए खाद्य सुरक्षा विभाग दुकानों पर छापेमारी शुरू कर दी।
उपायुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग डीपी सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है कि मिलावटी कुट्टू का आटा कहां से खरीदा गया है। संबंधित दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।




