बिहार में जहरीली शराब कांड का कनेक्शन जौनपुर से, आरोपी की तलाश में बिहार पुलिस की छापेमारी

0
3

 

 

जौनपुर। बिहार में जहरीली शराब पीने से हुई मौतों के मामले की जांच अब जौनपुर तक पहुंच गई है। इस मामले में एक संदिग्ध आरोपित की तलाश में बिहार पुलिस ने रविवार रात जौनपुर पुलिस के सहयोग से जलालपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी की है। घटना ने दोनों राज्यों की पुलिस को सतर्क कर दिया है और जांच का दायरा तेजी से बढ़ाया जा रहा है।

जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा डेरवा गांव निवासी लल्लन सिंह के पुत्र चंदन सिंह का नाम इस मामले में सामने आया है। आरोपित की तलाश में पहुंची बिहार पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। घर पर केवल उसकी मां मौजूद थीं, जिन्हें पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि पुलिस आरोपित के संभावित ठिकानों और रिश्तेदारों के यहां भी लगातार छापेमारी कर रही है। बिहार पुलिस की टीम लल्लन सिंह के अन्य रिश्तेदारों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि उसके बारे में अहम सुराग जुटाए जा सकें। स्थानीय पुलिस भी इस पूरे ऑपरेशन में सक्रिय सहयोग दे रही है।

इस संबंध में सोमवार को जानकारी लेने पर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि बिहार पुलिस आरोपित की गिरफ्तारी के लिए जौनपुर आई हुई है और जिले स्तर पर भी तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू पर गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement

गौरतलब है कि, बिहार में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मामले में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। जौनपुर में छापेमारी के बाद यह साफ हो गया है कि इस कांड के तार दूसरे जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here