यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में लगी आग, कूदकर बचाई यात्रियों ने जान

0
6

 

मथुरा। थाना नौहझील क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर शार्ट सर्किट होने से रविवार काे आगरा से नोएडा की ओर जा रही एक निजी बस में अचानक आग लग गई। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में 48 यात्रियों ने कूदकर जान बचाई।

मामला नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे का है, घटना माइलस्टोन संख्या 64 के पास हुई, जहां बस संख्या डीडी01 एए 9317 में देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। कटैलिया निवासी यशपाल सिंह ने फोन करके घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस व बाजना चौकी प्रभारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। बस में करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस जैसे ही माइलस्टोन 64 के समीप पहुंची अचानक इंजन से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही पलों में धुआं आग में बदल गया और बस में भगदड़ मच गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत बस रोकी और यात्रियों को तेजी से नीचे उतरने के लिए कहा। यात्रियों ने भी बिना देर किए बस खाली कर दी। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई और देखते ही देखते बस जलकर खाक हो गई। कई यात्रियों का सामान भी आग में जल गया क्योंकि उन्हें उसे निकालने का मौका नहीं मिल सका। पूरी बस ख़ाक होने के पश्चात फायर बिग्रेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच सकी। प्रशासन की ओर से तत्परता दिखाते हुए सभी यात्रियों के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था की गई जिसके बाद उन्हें सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here