बेटी की हत्या के मामले में दस साल से फरार आरोपित गिरफ्तार

0
8
  • नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 10 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोपित वर्ष 2016 में जम्मू के गांधी नगर इलाके में अपनी ही 10 वर्षीय बेटी की हत्या करने के बाद फरार हो गया था और पहचान बदलकर दिल्ली में रह रहा था।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त हर्ष इंदौरा ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान छतरपुर (मध्य प्रदेश)निवासी रमेश कुमार के रूप में हुई है। वह जम्मू के गांधी नगर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 176/2016 में हत्या (धारा 302 आईपीसी) के मामले में वांछित था। वारदात के बाद से यह मामला करीब एक दशक तक अनसुलझा पड़ा हुआ था, क्योंकि आरोपित लगातार पुलिस से बचता रहा और उसने अपनी पहचान बदल ली थी।

पुलिस उपायुक्त के मुताबिक वर्ष 2016 में रमेश कुमार जम्मू में मजदूरी करता था। उसी दौरान उसे शक हुआ कि उसकी 10 वर्षीय बेटी उसकी जैविक संतान नहीं है। इसी शक में उसने अपनी बेटी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपित जम्मू से फरार हो गया। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपित दिल्ली आ गया और यहां अपना नाम बदलकर राजवीर रख लिया। वह दक्षिण दिल्ली के भाटी माइंस इलाके स्थित संजय कॉलोनी में रह रहा था और इसी नाम से अपनी पहचान छिपाकर कई वर्षों तक पुलिस से बचता रहा।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-2 यूनिट टीम अंतरराज्यीय अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। इसी दौरान जम्मू पुलिस की ओर से इस मामले में आरोपित की तलाश को लेकर सूचना और अनुरोध प्राप्त हुआ। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने आरोपित की तलाश शुरू की। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मयंक को सूचना मिली कि आरोपित भाटी माइंस इलाके में रह रहा है। पुलिस टीम ने संदिग्ध इलाके में कई दिनों तक तकनीकी विश्लेषण और मैनुअल निगरानी की। लगातार प्रयासों और जमीनी स्तर पर की गई जांच के बाद टीम ने भाटी माइंस क्षेत्र में आरोपित का पता लगा लिया और उसे दबोचा।

आरोपित को पकड़ने के बाद इसकी सूचना तुरंत जम्मू पुलिस को दी गई। इसके बाद जम्मू पुलिस के जांच अधिकारी दिल्ली पहुंचे और आरोपित को इस मामले में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर अपने साथ ले गए। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने कहा कि आरोपित की गिरफ्तारी से 10 साल पुराने हत्या के मामले का खुलासा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here