मुठभेड़ में कुख्यात बदमाश ‘गंजा’ घायल, 75 से ज्यादा वारदातों में था शामिल

0
3

 

 

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी जिले के बदरपुर इलाके में शनिवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और कुख्यात बदमाश मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित गोली लगने से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दक्षिण-पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त डॉ. हेमंत तिवारी के मुताबिक, मोहम्मद सलीम उर्फ ‘गंजा’ एक शातिर अपराधी है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी व सेंधमारी समेत 75 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह 20 से ज्यादा मामलों में वांछित चल रहा था। आरोपित का नाम दिल्ली के कुख्यात गैंगस्टर सलीम पहलवान की हत्या में भी सामने आ चुका है। इसके अलावा वह गैंग के एक अन्य सदस्य की हत्या में भी शामिल रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित नासिर और दानिश पहलवान गिरोह का सक्रिय सदस्य है और लंबे समय से क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस को आरोपित की बदरपुर क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें वह घायल हो गया।

Advertisement

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपित को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। मौके से एक हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here