नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार ने शनिवार काे बताया कि एनआर-2 यूनिट ने दिल्ली से लेकर मेरठ तक कार्रवाई कर न केवल दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया, बल्कि एक पूरी अवैध हथियार निर्माण यूनिट का भी खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हथियार, मैगजीन और निर्माण उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 19 मार्च को बादली रेलवे स्टेशन के पास से हसीर उर्फ शूटर (25) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, एक पेन पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह मेरठ निवासी परवेज उर्फ फर्रू से हथियार लेकर दिल्ली में सप्लाई करता था। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने कोर्ट से रिमांड लेकर मेरठ में छापेमारी की। 26 मार्च को परवेज के घर दबिश दी गई। पुलिस को देखते ही आरोपित भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
घर की ऊपरी मंजिल पर चल रही थी फैक्ट्री
जांच में सामने आया कि परवेज अपने घर की ऊपरी मंजिल पर ही अवैध हथियार बनाने का काम करता था। तलाशी के दौरान पुलिस ने 24 पेन पिस्टल, 78 मैगजीन, तीन बैरल, तीन स्लाइड, तीन पिस्टल बॉडी और बड़ी संख्या में छोटे-छोटे पुर्जे बरामद किए। इसके अलावा ड्रिल मशीन समेत कई उपकरण भी मौके से मिले।
पेन पिस्टल से बढ़ रहा खतरा
बरामद 25 पेन पिस्टल पुलिस के लिए चिंता का विषय हैं। ये देखने में साधारण पेन जैसी होती हैं और आसानी से छिपाई जा सकती हैं। पुलिस के अनुसार, ये 7.65 एमएम कारतूस से फायर करती हैं और नजदीकी दूरी पर बेहद खतरनाक साबित हो सकती हैं।
मुख्य आरोपित का आतंकी कनेक्शन
मुख्य आरोपित परवेज उर्फ फर्रू (37) का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसे 2017 में एनआईए ने यूएपीए के तहत गिरफ्तार किया था। वह खालिस्तानी आतंकियों को हथियार सप्लाई करने के मामले में शामिल रहा है और करीब पांच साल जेल में रह चुका है। उसके खिलाफ अवैध हथियार बनाने और सप्लाई से जुड़े एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। उसे 12 साल पहले और फिर 2024 में भी मेरठ पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
वहीं, हसीर उर्फ शूटर भी करीब 10 मामलों में शामिल रहा है। वह 2021 में 50 लाख रुपये की चोरी के मामले में पकड़ा गया था और मुजफ्फरनगर में पुलिस पार्टी पर फायरिंग की घटना में भी शामिल रहा है।



