कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में बृहस्पतिवार की रात एक ही परिवार के लोगों में मामूली विवाद को लेकर पारिवारिक जेठ और उसके पुत्र ने महिला साथ बेरहमी से मारपीट कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
कासगंज के थाना क्षेत्र अमापुर अंतर्गत गांव भगुपुरा में बृहस्पतिवार की देर शाम रुचि (40) पत्नी पवन कुमार का विवाद अपने पारिवारिक जेठ के लड़के शिवम से हो गया, विवाद बढ़ने के बाद शिवम रुचि को बलपूर्वक अपने घर खींच कर ले गया जहां शिवम, शिवम के पिता एवं अन्य परिजनों ने रुचि के साथ बर्बरता पूर्वक मारपीट की। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मृत्यु होना बताया गया है। रुचि के पति पवन लखनऊ में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं। होली पर पवन लखनऊ से घर आए थे और बृहस्पतिवार को दोपहर लखनऊ के लिए निकल गए थे। रुचि अपनी ससुराल ग्राम भगुपुरा में अपने 10 वर्षीय पुत्र हार्दिक के साथ रहती हैं जहां हार्दिक पढ़ाई करता है और रुचि पारिवारिक खेती बाड़ी का ध्यान रखती थी।
जब इस मामले में ग्रामीणों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि रुचि के परिवार के संबंध में अपने तहरे जेठ नीरज से अच्छे नहीं थे। बृहस्पतिवार को रुचि घर के बाहर बैठी हुई थी इसी दौरान पालतू कुत्ते ने किसी ग्रामीण को काट लिया जिसको लेकर जेठ के लड़के शिवम और रुचि के बीच गाली गलौज, विवाद होने लगा। विवाद बढ़ने पर शिवम एकदम उग्र होकर रुचि को अपने घर खींचकर ले गया जहां शिवम के परिजनों ने रुचि के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मृतका रुचि के सिर में गहरी चोट के निशान हैं, रुचि के पुत्र हार्दिक ने फोन से अपने पिता को सूचना दी जिस पर पिता पवन ने अपने गांव घटना के बारे में जानकारी कर 112 नंबर पर सूचना दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना अमापुर पुलिस गांव में पहुंची। पुलिस टीम रुचि को घायल अवस्था में अस्पताल ले गई जहां रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई।
प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी पटियाली शाहिदा नसरीन ने शुक्रवार काे बताया कि इस प्रकरण में महिला के पति द्वारा शिवम, शिवम के पिता नीरज और उसके परिजनों को आरोपित किया गया है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष लोगों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है।




