ममता बनर्जी ने रानीगंज भू धंसान प्रभावित लोगों को फ्लैट और मुआवजा देने का किया ऐलान

0
5

आसनसोल। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को पश्चिम बर्दवान के अंडाल (खांद्रा फुटबॉल ग्राउंड) में एक जनसभा के दौरान चुनाव आयोग और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। इसके साथ ही रानीगंज के भू-धंसान प्रभावित इलाके को लेकर ममता बनर्जी ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को पुनर्वास के लिए 10 लाख रुपये और दो फ्लैट देगी। अब तक करीब 700 करोड़ रुपये की लागत से 6 हजार फ्लैट बनाए जा चुके हैं, जबकि 4 हजार और फ्लैट निर्माणाधीन हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जान सबसे कीमती है और जोखिम वाले इलाकों से सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट हो जाना चाहिए।

राजनीतिक हमले को और तेज करते हुए ममता ने कहा कि प्रशासन फिलहाल चुनाव आयोग के नियंत्रण में है, इसलिए कुछ मामलों में राज्य सरकार सीधे हस्तक्षेप नहीं कर पा रही। रानीगंज से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार कालोवरण मंडल के समर्थन में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री काफी आक्रामक नजर आईं।

उन्होंने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया कि अधिकारियों को हटाकर माहौल को बिगाड़ा गया। मुख्यमंत्री ने रघुनाथगंज में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई झड़प के लिए बीजेपी के साथ-साथ आयोग को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि हथियारों के साथ जुलूस निकाले गए लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

सभा के दौरान ममता बनर्जी ने अपनी ही पार्टी के नेता हरेराम सिंह को भी सार्वजनिक रूप से फटकार लगाई। उन्होंने उनके बेटे के लाल बत्ती लगी गाड़ी में घूमने पर नाराजगी जताई और साफ कहा कि इस तरह की हरकतें बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि तृणमूल कांग्रेस में अनुशासन सर्वोपरि है और किसी भी नेता को विशेषाधिकार का दुरुपयोग करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इस सख्त रुख से साफ संकेत मिलता है कि चुनावी माहौल में पार्टी अपनी छवि को लेकर बेहद सतर्क है और किसी भी विवाद से बचना चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here