कानपुर। कानपुर सेंट्रल स्टेशन से जीआरपी ने शुक्रवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से करीब 30 लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद किया है।
जीआरपी इंस्पेक्टर ओम नारायण सिंह ने बताया कि स्टेशन के गेट नंबर तीन और चार के बीच वाहन स्टैंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद दो बैगों से कुल 22 किलो 940 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान बिहार राज्य का रहने वाले चंदन तिवारी के रूप में हुई है। आरोपित ने बताया कि वह नार्थ ईस्ट ट्रेन से गांजा लेकर कानपुर आया था और इसे यहां बेचने की फिराक में था।
जीआरपी ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों को सप्लाई किया जाना था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




