सिलबट्टे से कूंचकर मां की हत्या, बचाने आई भाभी-भतीजी घायल- आरोपित बेटा हिरासत में

0
3

 

जौनपुर,। केराकत कोतवाली थाना अंतर्गत नगर के शेखजादा मोहल्ले में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक कलियुगी बेटे ने अपनी ही मां की सिलबट्टे से कूंचकर निर्मम हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतका शीला सिंह ( 80) एक अवकाश प्राप्त शिक्षिका थीं और अपने परिवार के साथ घर पर रह रही थीं। घटना के समय उनका बेटा संदीप सिंह ऊपर कमरे में था। दोपहर में किसी बात को लेकर वह अचानक नीचे आया और मां पर सिलबट्टे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची बहू शालिनी सिंह और पोती वर्तिका सिंह पर भी आरोपित ने लोहे की रॉड से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक और प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने साहस का परिचय देते हुए आरोपित को काबू कर एक कमरे में बंद कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घायल अवस्था में शीला सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया। हालांकि, इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल बहू और पोती का उपचार जारी है।घटना के समय परिवार का एक सदस्य सत्यव्रत सिंह अपनी मेडिकल दुकान पर मौजूद था। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा, लेकिन आरोपित ने उस पर भी हमला करने का प्रयास किया।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपित संदीप सिंह लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित था। इस मामले में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी अजीत कुमार रजक ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। आरोपित को हिरासत में लिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here