बरेली । सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्कूलों के आसपास अनिवार्य रूप से स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
बैठक में एडीएम सिटी ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों के साथ समन्वय बनाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना फिटनेस प्रमाणपत्र और निर्धारित मानकों के कोई भी स्कूली वाहन सड़कों पर संचालित न हो।
सड़क सुरक्षा को लेकर सार्वजनिक स्थानों पर भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। पेट्रोल पंप, ढाबों और टोल प्लाजा के आसपास संकेतक, होर्डिंग और बैनर लगाए जाएंगे, ताकि वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा सके। अधिकारियों ने बताया कि भारी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे रात के समय उनकी दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
एडीएम सिटी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ-साथ घरों में भी बच्चों की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि इसमें आम जनता की भागीदारी भी जरूरी है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता भगत सिंह, परिवहन विभाग के अधिकारी समेत अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




