एसएसपी ने जज के पिता के फरार हत्यारोपितों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया

0
3

मुरादाबाद। मुरादाबाद के थाना नागफनी क्षेत्र में बीते 27 फरवरी को जज के बेकरी संचालक पिता मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या करने के मुख्य आरोपित और उसके दो बेटों पर मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने 25-25 हजार का इनाम घोषित किया है।

मुकदमे में नामजद इन तीनों के साथ ही एक अज्ञात आरोपित वारदात के बाद से फरार चल रहे हैं। पुलिस की पांच टीमें इनकी तलाश में जुटी हैं। हालांकि दो आरोपितों को वारदात के अगले ही दिन गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के जिगर कालोनी निवासी मोहम्मद असद (62) अलवीना बेकर्स के संचालक थे। उनकी एक बेटी आसमां सुल्ताना और उसके पति बुलंदशहर में जज हैं। जबकि असद की एक दूसरी बेटी अलमास सुल्ताना अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर है। बीते 27 फरवरी की शाम रोजा खोलने के बाद मोहम्मद असद अपने साले मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल के साथ स्कूटी से कोतवाली क्षेत्र के लाल मस्जिद में तरावीह पढ़ने जा रहे थे। नागफनी थाना क्षेत्र में बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे थे कि तभी दूसरी बाइक पर उनका बड़ा साला जफर हुसैन आया और स्कूटी की बगल में बाइक लगाकर असद के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान मोहम्मद असद के साथ स्कूटी पर मौजूद उनके साले मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल की तहरीर पर नागफनी पुलिस ने मोहम्मद असद के बड़े साले नागफनी के डहेरिया निवासी जफर हुसैन, उसके दो बेटे सैफुल जफर व हुसैन, दामाद मोहम्मद फैजान, साथी आलमगीर और वारदात के समय बाइक चला रहे जफर के अज्ञात साथी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

अगले ही दिन पुलिस ने नामजद आरोपित फैजान और आलमगीर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वारदात के मुख्य आरोपित जफर और उसके दोनों बेटों की तलाश में पुलिस की टीमें तभी से लगी हैं, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि आरोपितों ने वारदात के बाद से अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए हैं। परिजनों या रिश्तेदारों से भी संपर्क नहीं कर रहे हैं। इसके चलते पुलिस को उनकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। वारदात के 12 दिन बाद भी आरोपित पुलिस पकड़ से दूर हैं।

एसएसपी सतपाल अंतिल ने इन आरोपितों की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उम्मीद है जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होंगे। उधर बताया जा रहा है कि आरोपितों पर इनामी की राशि बढ़ाने के लिए रिपोर्ट तैयार कराके डीआईजी मुनिराज जी के पास भेजी जा रही है। डीआईजी आरोपितों के ऊपर इनाम की राशि 50 हजार रुपये तक कर सकते हैं।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here