टी-20 फाइनल के लिए रेलवे की विशेष पहल, नई दिल्ली से साबरमती के लिए आज रात चलेगी विशेष ट्रेन

0
4

नई दिल्ली। अहमदाबाद में रविवार को होने वाले क्रिकेट के टी-20 विश्व कप फाइनल मुकाबले के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने दर्शकों की सुविधा के लिए नई दिल्ली से साबरमती के बीच विशेष ट्रेन चलाने का फैसला किया है। बढ़े हुए हवाई किराए और टिकटों की सीमित उपलब्धता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि मैच देखने जाने वाले लोगों को यात्रा में किसी तरह की परेशानी न हो।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार विशेष ट्रेन संख्या 04062 शनिवार देर रात 11 बजकर 45 मिनट पर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन दिल्ली कैंट, गुरुग्राम और जयपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए रविवार को दोपहर 02 बजकर 30 मिनट पर साबरमती पहुंचेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए गए हैं। इनमें यात्रियों की सुविधा के लिए एसी-3 तथा एसी-2 श्रेणी के कोच शामिल किए गए हैं, ताकि लंबी दूरी की यात्रा करने वाले दर्शकों को आरामदायक सफर मिल सके।

अधिकारियों का कहना है कि भारत बनाम न्यूजीलैंड टी20 विश्व कप 2026 फाइनल मैच को लेकर देशभर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच भारी उत्साह है और बड़ी संख्या में लोग अहमदाबाद के नरेन्द्र मोदी स्टेडियम पहुंचने की योजना बना रहे हैं। इसी को देखते हुए यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने और यात्रा को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा से पहले टिकट की उपलब्धता और समय की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या अधिकृत प्लेटफॉर्म से प्राप्त कर लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here