दो ट्रकों की टक्कर के बाद लगी आग, तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत

0
4

बांदा,। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब 6 बजे मटौंध कस्बे के पास आमने-सामने आ रहे दो तेज रफ्तार ट्रकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। इस हादसे में तीन लोगों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति को मौके पर रेस्क्यू कर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों में गिट्टी से भरे ट्रक के 55 वर्षीय चालक सुरेश पांडेय निवासी सुल्तानपुर, खाली ट्रक के चालक 50 वर्षीय सूरज नाथ निवासी आजमगढ़ (अहिरौला) तथा उसका 30 वर्षीय खलासी शनि शामिल हैं। वहीं गिट्टी भरे ट्रक का 23 वर्षीय खलासी अभिषेक को जलते हुए ट्रक से बाहर निकाल लिया गया, जो गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही मटौंध थाना निरीक्षक दीपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो चुके थे।

सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टाक ने बताया कि मटौंध थाना क्षेत्र में दो ट्रकों की आमने-सामने टक्कर के बाद आग लगने की घटना हुई। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस और रेस्क्यू टीम ने एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला और आग बुझाई। हादसे में तीन लोगों की दु:खद मृत्यु हो गई है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों और ट्रक मालिकों को घटना की सूचना दे दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here