उत्तराखंड में दुग्ध उत्पादन में 3.13 प्रतिशत की वृद्धि, प्रतिदिन 53.62 लाख किलोग्राम उत्पादन: मंत्री बहुगुणा

0
2

भराड़ीसैंण। उत्तराखंड विधानसभा में दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि राज्य में दुग्ध उत्पादन में वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य में वर्तमान में कुल 1957.25 हजार टन दूध का उत्पादन हो रहा है, जबकि पिछले वर्ष यह 1897.84 हजार टन था। इस प्रकार दुग्ध उत्पादन में लगभग 3.13 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा बजट सत्र के पांचवें दिन शुक्रवार को प्रश्नकाल के दाैरान डोईवाला भाजपा सदस्य बृजभूषण गैरोला के पूछे गए तारांकित प्रश्न का जवाब दे रहे थे। उन्हाेंने बताया कि सरकार दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय से जुड़े किसानों की आय में वृद्धि के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इसके तहत दुग्ध सहकारी समितियों के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्हाेंने बताया कि राज्य की अनुमानित जनसंख्या के आधार पर प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दूध की उपलब्धता 456 ग्राम है, जो देश के औसत 485 ग्राम के करीब है। प्रदेश में प्रतिदिन दुग्ध उत्पादन का औसत 53.62 लाख किलोग्राम है, जबकि लगभग 50.34 लाख किलोग्राम प्रतिदिन खपत होती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 2830 दुग्ध सहकारी समितियां संचालित हैं। राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए गंगा गाय महिला डेरी, साइलेज एवं दुधारू पशु पोषण, दुग्ध मूल्य प्रोत्साहन और राज्य पशुधन मिशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।

मंत्री बहुगुणा ने बताया कि आंचल ब्रांड के दूध एवं उससे तैयार उत्पादों से वित्तीय वर्ष 2024-25 में 399.58 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ, जबकि वित्तीय वर्ष 2025-26 में लगभग 444 करोड़ रुपये का कारोबार होने की संभावना है। एक अन्य सदस्य प्रीतम सिंह के प्रश्न के उत्तर में दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि राज्य में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नई दुग्ध समितियों का गठन किया जा रहा है। अब तक प्रदेश में 289 नई दुग्ध सहकारी समितियों का गठन किया जा चुका है। इन समितियों के माध्यम से दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here