देहरादून। उत्तराखंड में एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने प्रदेशभर में व्यापक जांच अभियान चलाया है। तीन दिन में विभिन्न जनपदों में 280 निरीक्षण और अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के आयुक्त ने बताया कि 10, 11 और 12 मार्च तक विभिन्न जनपदों में निरीक्षण और अभियान के तहत कुल 280 निरीक्षण किए गए। जांच के दौरान 58 स्थानों पर छापेमारी की गई, जबकि चार मामलों में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उन्होंने बताया कि अवैध भंडारण और दुरुपयोग के मामलों में 74 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान एक काटा (वजन माप उपकरण) और दो रिफिलिंग किट भी जब्त की गई हैं। विभाग की ओर से अनियमितताओं पर 4600 रुपये का अर्थदंड भी वसूला गया है।
राज्य सरकार उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर गैस और ईंधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध रिफिलिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं भी एलपीजी या ईंधन से संबंधित अनियमितता, कालाबाजारी या अवैध रिफिलिंग की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। विभाग की ओर से उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए आगे भी इसी प्रकार सघन जांच अभियान जारी रखा जाएगा।



