मीरजापुर। उत्तर प्रदेश में मीरजापुर जिले के वाराणसी-मीरजापुर मार्ग पर बरईपुर गांव के सामने शनिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू भाई घायल हो गया। दोनों सक्तेशगढ़ स्थित स्वामी अड़गड़ानंद आश्रम दर्शन के लिए जा रहे थे।
घायल रवि प्रकाश मौर्या (27) निवासी नसीरपुर, चंदौली ने बताया कि वह अपने साढ़ू भाई राजेश मौर्या (30) निवासी पौनी, सकलडीहा को स्कूटी पर बैठाकर आश्रम जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे बरईपुर के पास पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर के बाद दोनों स्कूटी समेत डिवाइडर से टकरा गए।
हेलमेट पहने होने से रवि प्रकाश को चोट आई, लेकिन राजेश मौर्या का सिर डिवाइडर से टकराने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए भेजा।
अदलहाट थाना प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि घायल की तहरीर पर अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच की जा रही है। मृतक के परिवार में एक पांच वर्षीय पुत्र और डेढ़ वर्ष की पुत्री है। घटना के बाद परिजन में कोहराम मच गया।




