विवाहिता का शव गेहूं के खेत मिला, पुलिस की चार टीमें जांच में जुटी

0
9

अमेठी। उत्तर प्रदेश में अमेठी जिले के गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह गेहूं के खेत में एक विवाहिता का शव खून से सना हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के डूंगरपुर गांव निवासी रेखा (26) होली के अवसर पर अपने मायके आई हुई थी। सोमवार सुबह उसका शव गांव से लगभग 150 मीटर दूर एक गेहूं के खेत में पड़ा मिला। सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर शौच के लिए गए थे, जिनकी नजर खेत में पड़े शव पर पड़ी। खून से लथपथ महिला के शव काे देखकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए। घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि खेत में एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम भेजकर रिपोर्ट का इंतजार है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here