– सनोज मिश्रा ने उठाए कई गंभीर सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
लखनऊ। प्रयागराज महाकुंभ में वायरल होकर चर्चा में आई युवती मोनालिसा का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर बयान जारी कर पूरे घटनाक्रम को साजिश और लव जिहाद से जोड़ते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
फिल्म निर्माता सनोज मिश्रा ने दावा किया है कि जिस युवती को उन्होंने प्रशिक्षण देकर फिल्म अभिनेत्री बनाने की पहल की थी, वह अब कथित तौर पर साजिश और लव जिहाद का शिकार हो गई है। महाकुंभ के दौरान मोनालिसा की सादगी और व्यक्तित्व से प्रभावित होकर उन्होंने उसे फिल्म में मौका देने का निर्णय लिया था। उनका कहना है कि उन्होंने उसे प्रशिक्षण देने और फिल्म निर्माण की तैयारी में बड़ा आर्थिक जोखिम उठाया तथा इस परियोजना के लिए करोड़ों रुपये का कर्ज भी लिया।
फिल्म निर्माता का आरोप है कि इस घोषणा के बाद कुछ विरोधियों ने उन्हें निशाना बनाया और झूठे आरोपों में जेल भेजा गया। उनका दावा है कि जेल में रहने के दौरान भी उन्होंने फिल्म की कहानी लिखी और प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की कोशिश की। मिश्रा ने यह भी आरोप लगाया कि मोनालिसा को पढ़ाने के लिए रखा गया एक शिक्षक बाद में उसका मैनेजर बन गया और उसने युवती को उनसे दूर कर दिया। उसी व्यक्ति ने मोनालिसा और उसके समुदाय को यह कहने के लिए भी प्रेरित किया कि उसकी सफलता में उनका कोई योगदान नहीं है।
अपने बयान में मिश्रा ने कहा कि मोनालिसा की पारिवारिक परिस्थितियां जटिल रही हैं और वह अपनी जैविक मां से अलग रहने की वजह से भावनात्मक दबाव में रहती थी। उनका दावा है कि हालिया घटनाक्रम ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से गहरा आघात पहुंचाया है और उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का सबसे बुरा दिन बताया है। हालांकि इस पूरे मामले में मोनालिसा या उसके परिवार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम को लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।




