सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बुधवार देर शाम अज्ञात बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी। गम्भीर रूप से घायल को राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया। एम्बुलेंस में लादते समय ही प्रॉपर्टी डीलर ने दम तोड़ दिया।
कुड़वार थाना क्षेत्र के कस्बे में बुधवार की शाम प्रॉपर्टी डीलर माता प्रसाद पांडेय कमला इंडियन गैस सर्विस पर अपनी स्कार्पियो से उतरे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे घायल हाेकर वे गिर पड़े। हमलावर वारदात को अंजाम देकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक चारू निगम, अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह और सीओ सिटी सौरभ सामंत सहित पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची। एसपी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में पाया कि अज्ञात हमलावर ने पीछे से आकर प्रॉपर्टी डीलर की गाेली मारकर हत्या की थी। परिजनों ने अभी किसी पर भी सीधा शक जाहिर नहीं किया है। हम जल्द से जल्द घटना का खुलासा कर आरोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित करेंगे। मृतक की पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है और उनके दो बेटे व एक बेटी हैं। वर्ष 2023 में प्रॉपर्टी डीलर हत्या के एक मामले में जेल भी जा चुके थे।




