प्रतापगढ़ महिला थाने में चंदौली में कार्यरत एसडीएम के विरुद्ध दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज

0
5

 

एसडीएम अनुपम मिश्रा और परिजनों के खिलाफ दहेज, मारपीट और उत्पीडन का केस दर्ज, चंदौली में ही पत्नी दिव्या भी एसडीएम

उप्र के पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवाकांत ओझा की भतीजी हैं एसडीएम दिव्या

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले की सदर तहसील में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने अपने दामाद पीडीडीयू नगर के तहसील में तैनात एसडीएम अनुपम मिश्रा और उनके परिवार वालों के खिलाफ प्रतापगढ़ में दहेज उत्पीड़न और मारपीट का केस दर्ज कराया है। उन्होंने बेटी दिव्या की जान का खतरा भी जताते हुए बेटी की सुरक्षा में अतिरिक्त पुलिस बल लगाने की मांग भी की है।

प्रतापगढ़ के शुकुलपुर दहिलामऊ की रहने वाली एसडीएम दिव्या मिश्रा चंदौली जिले की सदर तहसील में तैनात हैं। दिव्या के पिता पूर्व प्रधानाचार्य निशाकांत ओझा ने दर्ज कराई गई एफआइआर में बताया कि उन्होंने अपनी एसडीएम बेटी दिव्या की शादी एक दिसंबर 2020 को प्रयागराज जनपद के नैनी एमआइजी -11 एडीए कालोनी के रहने वाले एसडीएम अनुपम मिश्रा के साथ की थी। रिश्ता तय होने पर सगाई से पूर्व 38 लाख रुपये, 40 लाख के जेवरात व सात लाख के सामान दिए। विवाह के पश्चात उनकी बेटी को दहेज के लिए निरंतर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना दी गई। कई बार गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया।

Advertisement

चंदौली जनपद के अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई बल्कि तंत्र-मंत्र भी बेटी पर किया गया। चंदौली प्रशासन के कार्रवाई न करने पर एसडीएम दिव्या के पिता निशाकांत ने एसपी प्रतापगढ़ से मिलकर शिकायती पत्र दिया। इसके आधार पर महिला थाने में एसडीएम अनुपम मिश्रा, उनके पिता प्रमोद मिश्रा, मां शशि मिश्रा, बहन पूजा पांडेय व प्रीति पांडेय के खिलाफ 17 मार्च को दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया।

दिव्या पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रो. शिवाकांत ओझा की भतीजी हैं। स्वजन के अनुसार रिश्ते की बात चलने पर अनुपम ने 20 करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके बाद भी रिश्ते सुधरने की उम्मीद में शादी कर दी गई थी, लेकिन ऐसा न हो सका। दर्ज कराए गए केस में पिता का यह भी आरोप है कि दामाद नपुंसक है। इस कमी को छिपाने के लिए बेटी पर तंत्र क्रिया कराकर पागल घोषित कराने का भी उन लोगों ने प्रयास किया।

निशाकांत ओझा ने बताया कि पीडीडीयू नगर के अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ से शिकायत के बाद महिला थाने में अनुपम मिश्र, उनके पिता प्रमोद मिश्र, मां शशि मिश्रा, बहन पूजा पांडेय और प्रीति पांडेय के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा का केस दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने बताया कि दिव्या के पिता की तहरीर पर उनके पति एसडीएम अनुपम मिश्रा व परिवार के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज किया गया है। जांच सीओ को दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here