नोएडा। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) नोएडा यूनिट ने गो-तस्करी के एक मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान आरिफ हुसैन निवासी मुरादाबाद के रूप में हुई है। आरोपित चंदौली में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहा था।
एसटीएफ (नोएडा यूनिट) के अपर पुलिस अधीक्षक राज कुमार मिश्र ने बताया कि टीम को सूचना मिली कि गो-तस्करी के मामले में वांछित 50 हजार रुपये का इनामी अपराधी आरिफ हरियाणा के सोनीपत औद्योगिक क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के बाद एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपित को हिरासत में लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपित को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपित लंबे समय से गो-तस्करी के संगठित गिरोह से जुड़ा हुआ था। आरोपित के खिलाफ जनपद चंदौली के थाना कोतवाली में मामला दर्ज है। आरोपित के नेटवर्क और उसके अन्य साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसके मोहल्ले का रहने वाला हसीब नाम का व्यक्ति पहले से ही गो-तस्करी का काम करता था। उसी के संपर्क में आने के बाद उसने भी इस अवैध कारोबार में कदम रखा। आरिफ ने इस काम को व्यवस्थित तरीके से चलाने के लिए अपने नाम से एक कंटेनर खरीदा था। इसी कंटेनर में गोवंश को भरकर विभिन्न राज्यों में तस्करी के लिए भेजा जाता था। एक मामले में जनपद चंदौली पुलिस ने उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।




