👉—दोनों होटल वेस्ट इन में ठहरे थे,घायल युवती की माता की तहरीर पर कार्रवाई
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के कैंट थाना क्षेत्र में नदेसर कैंट स्थित होटल वेस्ट इन में ठहरी युवती पर गोली चलाने वाले युवक को पुलिस ने अवैध पिस्टल व .32 बोर के जिंदा कारतूस के साथ सोमवार को सैनिक अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया। घायल युवती और युवक दोनों होटल में रूके हुए थे। किसी बात पर दोनों में विवाद हुआ तो फायरिंग में युवती घायल हो गई। घायल युवती की मां की नामजद तहरीर पर पुलिस ने ये कार्रवाई की। साेमवार अपराह्न में गिरफ्तार आरोपित युवक चकलोला थाना कपसेठी जिला वाराणसी निवासी शुभम राय पुत्र मनबोध सिंह को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया। पूछताछ में आरोपी शुभम ने पुलिस को घटना की विस्तार से जानकारी दी। एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय ने मीडियाकर्मियों को बताया कि जांच में सामने आया कि दोनों 11 अप्रैल को नदेसर स्थित वेस्ट इन होटल में रूके थे। 11 अप्रैल को अपरान्ह दो बजे गले में तौलिया लपेट कर यह कहते हुए दोनों बाहर निकल गए कि चोट लगी है। बाद में सिगरा स्थित सिंह हॉस्पिटल से पुलिस को सूचना मिली कि एक युवती को गोली लगी है। मिले मेमो में पता मडुंवाडीह का था , जांच में सामने आया कि आरोपी शुभम राय ने लड़की को होटल वेस्ट इन नदेसर के कमरा संख्या 307 में आपसी विवाद में गोली मारी थी। मामले में त्वरित कार्यवाही करते हुए थाना कैण्ट पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताते चलें कि गाजीपुर जनपद निवासी युवती ने आरोपी को अपना रिश्तेदार बताकर होटल में कमरा नंबर 307 बुक कराया था। होटल में कमरा युवती के नाम से बुक था। चर्चा है कि दोनों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हुई, जिससे युवती घायल हो गई। आरोपी ने घायल युवती को तुरंत सिंह मेडिकल में भर्ती कराया। अस्पताल में उसने अपना पता मंडुआडीह लिखवाया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना थाना सिगरा को दी, जिसके बाद मंडुवाडीह पुलिस को भी सूचित किया गया। छानबीन में घटना स्थल होटल द वेस्ट इन का मिला तो थाना प्रभारी कैंट शिवाकांत मिश्र ने सिंह मेडिकल जाकर घायल युवती की स्थिति के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली और उसके परिजनों से पूछताछ की।









