वाराणसी। टीवी सीरियल अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी दुर्गाकुंड स्थित कुष्मांडा देवी (दुर्गा जी) और श्री संकटमोचन मंदिर में विधि विधान से दर्शन पूजन किया। अभिनेत्री देवोलीना ने दोनों मंदिरों में अपने परिजनों के साथ दर्शन पूजन के बाद मंदिर परिसर में फोटो भी खिंचवाई।
मंदिर से निकलने के बाद अभिनेत्री ने दर्शन पूजन की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा किया। उन्होंने लिखा कि यहां आकर उन्हें अत्यधिक शांति और खुशी का अनुभव हुआ। धर्म नगरी की सराहना करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि “काशी घूमकर काफी अच्छा लगा, यहां की आध्यात्मिक ऊर्जा अलग ही अनुभव कराती है।” बताते चले असम की देवोलीना भट्टाचार्जी भारतीय टेलीविजन की जानी-मानी अभिनेत्री और भरतनाट्यम नृत्यांगना हैं। उन्हें चर्चित धारावाहिक “साथ निभाना साथिया” में गोपी मोदी के किरदार से प्रसिद्धि मिली।
अभिनेत्री ने नई दिल्ली स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन एंड टेक्नोलॉजी से उच्च शिक्षा हासिल की है। देवोलीना ने अपने करियर की शुरुआत 2011 में टीवी शो “सवारे सबके सपने प्रीतो” से की। इसके बाद 2012 में उन्होंने जिया मानेक की जगह लेकर “साथ निभाना साथिया” में गोपी मोदी की मुख्य भूमिका निभाई। उन्होंने टीवी के रियलिटी शो “बिग बॉस 13”, “बिग बॉस 14” और “बिग बॉस 15” में भी काम किया है।




