देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया में गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर बैतालपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में रविवार देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही नवागत पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए ।
मृतक की पहचान गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सुपरी गांव निवासी पप्पू यादव (38 वर्ष) पुत्र धारी यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पप्पू यादव बाहर नौकरी करते थे और दो दिन पहले ही घर लौटे थे। रविवार रात वह बैतालपुर स्थित रेस्टोरेंट में खाना खाने गए थे।
कहासुनी के बीच एक युवक ने असलहे से फायर कर दिया, जिससे पप्पू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल पप्पू यादव को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर, क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर और गौरीबाजार थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही घटना के खुलासे की बात कही जा रही है।
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर हरिराम यादवने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा हैं। जल्द ही अभियुक्त सलाखों के पीछे होगे ।









