Breaking News

ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, सात पुलिसकर्मी घायल

दुमका। जिले के जरमुंडी प्रखंड के तालझारी थाना क्षेत्र के खजुरिया गांव में दो पक्ष में चल रहे जमीन विवाद सुलझाने गए पुलिस पदाधिकारियों व जवानों पर एकजुट होकर ग्रामीणों ने पथराव किया। इसमें जरमुंडी थाने के एएसआई बमशंकर सिंह का सिर फट गया।

इसके साथ ही एएसआई केके दुबे, सिपाही राजेंद्र हांसदा, रामदेव सिंह, देवेंद्र मरांडी, जयधन हांसदा एवं जय कुंवर घायल हो गए। सभी पुलिसकर्मियों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जरमुंडी में किया गया। घटना के संदर्भ में बताया जा रहा है कि खजुरिया गांव में जमीन विवाद को सुलझाने के लिए तालझारी थाना पुलिस पहुंची थी।

इस दौरान ग्रामीण उग्र हो गए एवं पुलिस बल के साथ दुर्व्यवहार कर उन्हें खदेड़ दिया। मामले को लेकर तालझारी थाना के पुलिस पदाधिकारी ने जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार एवं वरीय पदाधिकारी को सूचित किया। जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार, जरमुंडी थाना के पुलिस पदाधिकारी व जवान के साथ खजुरिया गांव पहुंचे। पुलिस बल के गांव पहुंचते ही एकाएक ग्रामीण पुनः उग्र हो गए एवं पथराव करने लगे। इस दौरान ग्रामीणों के द्वारा किए गए पथराव में पुलिस पदाधिकारी व पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मामले की जानकारी जिले के वरीय पदाधिकारी को मिलने पर डीसी एवं एसपी के निर्देश पर दुमका एसडीओ कौशल किशोर, जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार, तालझारी के थाना पदाधिकारी व अन्य पुलिस जवान के साथ गांव में कैंप किए हुए हैं। पुलिस के वरीय पदाधिकारियों ने लोगों को समझा बूझकर मामला को शांत किया।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.