Breaking News

दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही भाजपा : अल्का लांबा

लखनऊ। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पंच न्याय में एक न्याय है महिला न्याय, कांग्रेस प्रतिबद्ध है हर पीड़ित महिला को न्याय दिलाने के लिए, कांग्रेस संघर्षरत है हर महिला को न्याय का हक मिलने तक। ये बातें अखिल भारतीय महिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अल्का लांबा ने प्रेसवार्ता के दौरान कहीं।

अल्का लांबा ने कहा कि भाजपा जिस तरह से अपने दुष्कर्मी नेताओं को बचा रही है, उससे उसका महिला विरोधी चेहरा उजागर होता है। उन्होंने सोमवार को यहां भाजपा के कथित रूप से दुष्कर्मी नेताओं का एक पोस्टर भी जारी किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत का नाम रोशन करने वाली बेटियों का शोषण करने वाले बृजभूषण शरण सिंह को सरकार का पूर्ण संरक्षण प्राप्त है। उसी पोस्टर में पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर, भाजपा विधायक रमेश जारकीहोली, पूर्व भाजपा विधायक रामदुलार गौर, भाजपा नेता पदम राजन, कन्हैयालाल मिश्रा, पूर्व सांसद चिन्मयानंद, पूर्व मंत्री संदीप सिंह सैनी जैसे भाजपा से जुड़े और महिलाओं के प्रति अपराध में संलिप्त नेताओं की करतूत उनकी तस्वीरों समेत शामिल हैं।

लांबा ने कहा कि पूरे देश में सबसे ज्यादा महिलाओं के प्रति अपराध उ0प्र0 में होते हैं। महिला कांग्रेस प्रतिबद्ध है हर पीड़िता की मदद के लिए, उन्हें न्याय दिलाने के लिए। उन्होंने नारी न्याय योद्धा बनने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर ( 9891802024 ) भी जारी किया। लांबा ने कहा कि ‘‘डोनेट फॉर न्याय’’ अभियान के तहत महिला कांग्रेस पूरे सम्पर्ण से लगी है और ‘‘एक दान देश की बेटियों के नाम’’ के साथ इस अभियान को मजबूती प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समर्थन में हर जिला मुख्यालय पर निकाली जा रही यात्रा में महिला कांग्रेस भी सहभागी बनेगी और 50 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। उन्होंने कहा कि 10 जनवरी को राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष बनने के बाद एक महीने में वह 16 राज्यों का दौरा कर चुकी हैं। आज सुबह वह अपने दो दिवसीय दौर पर लखनऊ पहुंची।

प्रेसवार्ता में महिला कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव शामीना शफीक, राष्ट्रीय सचिव प्रभारी मध्य जोन विद्या नेगी, आगरा जोन प्रभारी संगीता गर्ग आदि मौजूद रहीं।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.