Breaking News

देश की सिर्फ तीन फीसदी आबादी के लिए सरकार : राहुल गांधी

Congress Bharat Jodo Nyay Yatra

धौलपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वायनाड सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा रविवार शाम को धौलपुर पंहुची। राजस्थान एवं धौलपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने के मौके पर बोथपुरा इलाके में एक जनसभा हुई। जनसभा में राहुल गांधी समेत सभी कांग्रेसी नेताओं के निशाने पर मोदी एवं केंद्र सरकार रही।

जनसभा में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने फ्लैग प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा को सौंपा। जनसभा में करीब दो घंटे की देरी से पहुंचे कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा कि आज केंद्र सरकार की गलत एवं जन विरोधी नीतियों के कारण शासन और सरकार का लाभ महज दो से तीन फीसदी लोगों को ही मिल रहा है।

अडाणी एवं अंबानी का नाम लिए बिना राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार सिर्फ इन्ही लोगों के लिए है तथा आम आदमी से केंद्र सरकार को कोई लेना देना नहीं है। आज देश में युवा, गरीब, मजदूर, किसान, महिला समेत समाज का हर वर्ग परेशान है। लेकिन केंद्र सरकार को इसकी कोई परवाह नहीं है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा देश के वंचित वर्ग को न्याय दिलाने के लिए निकाली जा रही है। इसलिए यात्रा के संदेश को आमजन तक पहुंचाएं।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि बीते दस सालों में आम आदमी के जीवन के संघर्ष में कोई बदलाव नहीं आया है। देश के बड़े उद्योगपतियों के लिए ही यह सरकार चल रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा यह संदेश लेकर जा रही है कि हमें एकजुट होकर हर तरह के अन्याय के खिलाफ लड़ना है। आज खुशी हो रही है कि उप्र में यात्रा का समापन हुआ है। अब यात्रा राजस्थान से होते हुए मध्यप्रदेश जाएगी। अब यात्रा को सफल बनाने की जिम्मेदारी आपकी है।

राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास त्याग और बलिदान का है। जबकि भाजपा की कथनी और करनी में अंतर है। भाजपा नेता झूठ बोलते हैं। देश में चिंता और तनवा का माहौल है तथा लोकतंत्र खतरे में है। इसलिए हम सबको मिलकर राहुल गांधी एवं कांग्रेस के हाथ को मजबूत करना है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस कार्यसमिति के आह्वान पर राहुल गांधी ने 14 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा की शुरुआत की। पूर्व से पश्चिम की यह यात्रा देश के शोषित, वंचित, युवाओं एवं महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए है।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि राजस्थान की धरती पर यात्रा का स्वागत है तथा कांग्रेस कार्यकर्ता यात्रा के संदेश को जन जन तक पंहुचाने में जुटेंगे। राजस्थान की धरती से पूरे देश में संदेश देने का काम होगा।

जनसभा में कांग्रेस प्रदेश महासचिव एवं राजाखेडा विधायक विधायक रोहित बौहरा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी देश के गरीब, युवा, बेरोजगार, वंचित तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए भारत जोडो न्याय यात्रा पर निकले हैं। आज राजस्थान एवं धौलपुर जिले की सीमा में यात्रा का स्वागत हुआ है। इसके बाद 5 दिन तक यात्रा का विराम रहने के बाद 2 मार्च को पुनः यात्रा का शुभारंभ राजाखेडा बायपास चौराहे से किया जाएगा। बौहरा ने प्रदेश कांग्रेस की ओर से सभी का आभार भी जताया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में कांग्रेस नेता जयराम रमेश, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, बसेडी विधायक संजय कुमार जाटव एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष साकेत बिहारी शर्मा, पूर्व मंत्री ममता भूपेश, भजन लाल जाटव एवं हरीश चौधरी सहित प्रदेश के कई विधायक एवं पूर्व मंत्री तथा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.