Breaking News

पीएम वाणी वाईफाई से सभी पंचायतों को लैस करने वाला बिहार का पहला जिला बना बेगूसराय

बेगूसराय। केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने आज बेगूसराय जिले के बरौनी प्रखंड स्थित पपरौर पंचायत में ऐतिहासिक पहल ”स्मार्ट ग्राम पंचायत : ग्राम पंचायत के डिजिटलीकरण की दिशा में क्रांति” का उद्घाटन किया।

यह पहल ग्रामीण भारत में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण छलांग का संकेत है। ”स्मार्ट ग्राम पंचायत: ग्राम पंचायत के डिजिटलीकरण की दिशा में क्रांति” नामक यह पायलट प्रोजेक्ट बेगूसराय जिले की सभी ग्राम पंचायतों में पीएम-वाणी सेवा का विस्तार करने के उद्देश्य से लांच किया गया है। इसके साथ ही बेगूसराय अब पीएम-वाणी योजना के तहत सभी ग्राम पंचायतों को वाई-फाई सेवाओं से लैस करने वाला बिहार का पहला जिला बन गया है। इस अवसर पर गिरिराज सिंह ने कहा कि ग्रामीण समुदायों की भलाई और विकास के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना महत्त्वपूर्ण है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा डिजिटल पहलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों को ग्राम पंचायतों के सशक्तिकरण, विकास और समग्र विकास के लिए प्रौद्योगिकी को अपनाने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने सभी उम्र के लोगों से प्रौद्योगिकी को अपने जीवन के अभिन्न अंग के रूप में अपनाने का आग्रह किया तथा इसके परिवर्तनकारी प्रभाव पर पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में वाई-फाई सेवाओं के लॉन्च किये जाने के साथ सरकार द्वारा परिकल्पित सकारात्मक परिवर्तन ग्रामीण जीवन के विभिन्न पहलुओं में दिखेगा।

गिरिराज सिंह ने तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य सहित समावेशी विकास और सशक्तिकरण सुनिश्चित करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की भी चर्चा की। उन्होंने स्थानीय निवासियों और पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि वे प्रौद्योगिकी के उपयोग के साथ अपने गांवों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एकजुट होकर काम करें।

गांवों को धीरे-धीरे स्मार्ट पंचायतें और स्मार्ट समुदाय बनाने की दिशा में प्रौद्योगिकी की परिवर्तनकारी शक्ति पर चर्चा करते हुए उन्होंने इस बात पर भी बल दिया कि प्रौद्योगिकी में गांवों को क्रमिक रूप से स्मार्ट बनाने की क्षमता है। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों की उभरती आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए प्रौद्योगिकी-संचालित समाधान अपनाने के महत्व को रेखांकित किया।

गिरिराज सिंह ने देश के ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास में प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के लिए रणनीतिक कार्यान्वयन और निरंतर प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि यूजर अनुकूल और निर्बाध वाई-फाई सेवाओं की परिवर्तनकारी क्षमता, विशेष रूप से महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, आजीविका दीदियों, बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट (बीसी) सखी, किसानों और विद्यार्थियों सहित ग्रामीण समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लाभकारी है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत के विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में वाई-फाई सेवाओं की पहुंच नए क्षेत्रों में विकास को बढ़ावा देगी और वर्तमान क्षेत्रों में उल्लेखनीय वृद्धि करेगी। डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के विजन को मजबूत करने के उद्देश्य से निर्बाध इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली पीएम-वाणी योजना क्रांतिकारी कदम है।

गिरिराज सिंह ने सर्वव्यापी इंटरनेट कनेक्टिविटी से सुगम सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन की आशा व्यक्त करते हुए कहा कि वाई-फाई सेवाओं का प्रारंभ निस्संदेह ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न क्षेत्रों को जबरदस्त बढ़ावा देगा। स्मार्ट ग्राम पंचायत : ग्राम पंचायत के डिजिटलीकरण की दिशा में क्रांति” यह पायलट प्रोजेक्ट ग्रामीण भारत में डिजिटल खाई को पाटने तथा सामाजिक-आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए सरकार के समर्पण का प्रमाण है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.