Breaking News

बार के हर सहयोग के लिए रहूंगा तत्पर : मुख्य न्यायमूर्ति अरूण भंसाली

–हाईकोर्ट बार एसोसिएशन में मुख्य न्यायमूर्ति का किया गया स्वागत और अभिनंदन

प्रयागराज। इलाहाबाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को आयोजित स्वागत और अभिनंदन समारोह में मुख्य न्यायमूर्ति अरूण भंसाली ने बार को हर सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह हमेशा हर सम्भव मदद के लिए तत्पर रहेंगे। मुख्य न्यायमूर्ति ने नए अधिवक्ताओं को भी सीख दी और कहा कि वह बार और बेंच के साथ आपसी सहयोग के साथ न्यायिक व्यवस्था को और सुद़ृढ़ करेंगे।

लाइब्रेरी हाल में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में आना और यहां इतने जजों और इतनी बड़ी बार के साथ काम करना एक अलग अनुभव है। वह इसके पहले राजस्थान में रहे। वहां जजों और अधिवक्ताओं की संख्या यहां के मुकाबले बहुत कम हैं। उन्होंने अधिवक्ताओं से कहा कि वह कोर्ट में हमेशा पूरी तैयारी के साथ आएं और नए आधुनिक संसाधनों के प्रयोग से भी वह परिपूर्ण रहेंगे। उन्होंने कहा कि इंटरनेट सहित कई आधुनिक उपकरणों से कामकाज आसान हुआ है। इसका बेहतर उपयोग करने की जरूरत है।

उन्होंने हाईब्रिड मोड में एक केस की सुनवाई का उदाहरण भी प्रस्तुत किया। उन्होंने बार के कार्यक्रम की प्रसंशा की। इसके पूर्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह ने पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्रम व स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया। संचालन महासचिव नितिन शर्मा ने किया।

इस मौके पर न्यायमूर्ति मनोज कुमार गुप्ता, न्यायमूर्ति महेश चन्द्र त्रिपाठी, न्यायमूर्ति विवेक कुमार बिरला एवं न्यायमूर्ति अश्वनी कुमार मिश्र, अजय सिंह, अमरेन्दु सिंह सहित बड़ी संख्या में बार के पदाधिकारी, अधिवक्ता मौजूद रहे।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.