Breaking News

 भदोही के चुनावी दंगल में उतरे अब चाचा चौधरी और साबू

छात्र-छात्राएं को खूब पसंद आ रहा निर्वाचन आयोग का तरीका

डीएम भदोही के फेसबुक पेज व व्हाट्सएप समूह पर उपलब्ध है काॅमिक्स

भदोही। भदोही में लोकसभा चुनाव रोचक मुकाबले में पहुंच गया है। उम्मीदवार तीखी गर्मी से भले तरबतर हों लेकिन जिला प्रशासन शत-प्रतिशत मतदान कराने को एड़ी-छोटी का जोर लगा रहा है। इस चुनाव में अब कॉमिक्स के लोकप्रिय पात्र चाचा चौधरी और साबू कूद पड़े हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल सिंह एवं स्वीप प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह द्वारा स्वीप के अन्तर्गत मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अनेक नवाचार पहलू व कार्यक्रमों का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी क्रम में भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की तरफ से तैयार की गयी चाचा चौधरी और चुनावी दंगल कॉमिक्स का छात्र-छात्राओं व युवाओं में तेजी से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भदोही के चुनावी दंगल में अब चाचा चौधरी और साबू भी मतदाताओं को जागरूक करने के लिए उतर गये हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों और युवाओं में बहुत ही लोकप्रिय काॅमिक्स के पात्र चाचा चौधरी और साबू के जरीये मतदाताओं को सशक्त लोकतंत्र बनाने हेतु मतदान की महत्ता से परिचत कराया जा रहा है।

चाचा चौधरी और चुनावी दंगल कॉमिक्स में निम्न अध्यायों-चाचा चौधरी और न्यू वोटर, चाचा चौधरी और बने स्मार्ट वोटर, चाचा चौधरी और महिला मतदाता की भागीदारी, चाचा चौधरी और चुनावी हेरा फेरी, चाचा चौधरी और थर्ड जेंडर वोटर अवेयरनेस आइकॉन, चाचा चौधरी और अपने उम्मीदवार को जानो ऐप, चाचा चौधरी और पोस्टल वोट, चाचा चौधरी और हर वोटर है जरूरी, चाचा चौधरी और चुनावी में हमले की साजिश, चाचा चौधरी और अपना बहुमूल्य वोट, बुझो तो जाने के माध्यम से चुनाव की जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां व जागरूकता का प्रसार किया जा रहा है।

स्वीप प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी यशवंत कुमार सिंह ने बताया कि काॅमिक्स का जनपद के बच्चों, छात्र-छात्राओं, युवाओं में बड़ा क्रेज है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के माध्यम से जनपद के बेसिक विद्यालयों, खासकर उच्च विद्यालयों (6-8), जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जनपद के समस्त हाईस्कूल, इण्टरमिडिएट, डिग्री कालेजों में चाचा चौधरी और चुनावी दंगल काॅमिक्स की साफ्ट व हार्ड काॅपी के माध्यम से उपलब्ध कराकर मतदान से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी प्रदान कर 18 प्लस युवाओं को स्वयं अनिवार्य रूप से वोट करने तथा बच्चों व छात्र-छात्राओं द्वारा अपने परिवार के सभी मतदाताओं को 25 मई को अवश्य वोट करने हेतु जागरूक किया जा रहा है।

जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार ने बताया कि बहुत ही सरल, सहज अन्दाज में लिखि गयी यह काॅमिक्स जनपद के बच्चों, छात्र-छात्राओं व युवाओं में काफी लोकप्रिय हो रही है। काॅमिक्स के जरिये, उन्हें खेल-खेल में ही चुनाव से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हो रही है। कोई भी व्यक्ति डीएम भदोही या स्वीप भदोही फेसबुक पेज पर जाकर 60 पन्ने के इस काॅमिक्स को पढ़कर मतदान से सम्बन्धित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर सकता है। जिला सूचना कार्यालय द्वारा जनपद के सभी मीडिया व अन्य व्हाट्सएप समूह पर भेजकर इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति जिला सूचना कार्यालय में आकर काॅमिक्स की हार्ड काॅपी पढ़कर चुनाव से जुड़े महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकता है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.