Breaking News

मुख्यमंत्री ने अलीपुर पेंट फैक्टरी के अग्नि पीड़ितों के लिए किया आर्थिक मदद का ऐलान

नई दिल्ली। दिल्ली के अलीपुर इलाके में गुरुवार शाम जिस पेंट फैक्टरी में आग लगने की घटना हुई थी, मुख्यमंत्री केजरीवाल ने शुक्रवार को वहां का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल प्रत्येक व्यक्ति को 2 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल प्रत्येक व्यक्ति को 20 हजार रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि नुकसान की भरपाई के लिए पॉलिसी के अनुसार आकलन किया जाएगा।

जानकारी के मुताबिक अब भी कई लोग लापता हैं, जिनका परिवार घटनास्थल और पुलिस स्टेशन के चक्कर काट रहा है। इसलिए कहा जा रहा है कि मृतकों की संख्या और भी बढ़ सकती है। यह भी सामने आया है कि इस अवैध फैक्टरी की लोग पहले भी शिकायत कर चुके थे। लोगों की जान बचाने वाला जख्मी एक पुलिसकर्मी सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने भी घटना पर गहरा दुख जताया है। विधानसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे मंत्री गोपाल राय ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद इस घटना पर नजर बनाए हुए हैं। प्रभावितों को हर संभव सहायता दी जाएगी।

स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के दौरान धुंए का गुबार कई किलोमीटर तक देखा गया। आग की चपेट में पास ही स्थित नशामुक्ति केंद्र और आसपास की दुकानों सहित कई वाहन भी आ गए। आग इतनी भीषण थी कि दमकल विभाग ने काफी देर तक कूलिंग का काम किया और सर्च ऑपरेशन भी चलाया, जिसके बाद लोगों की मौत का आंकड़ा बढ़ा।

उल्लेखनीय है कि गुरुवार शाम करीब पांच अलीपुर में स्थित पेंट की फैक्टरी (जिसे गोदाम के रूप में भी इस्तेमाल किया जाता था) में भीषण आग लग गई थी। आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। पहले इसकी चपेट में आने से छह लोगों की मौत की बात सामने आई थी, जिसकी संख्या बाद में बढ़कर 11 हो गई।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.