Breaking News

सड़क हादसे में मौसेरे भाइयों की मौत, बहन गम्भीर घायल

बदायूं, । जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ट्राला की टक्कर से बाइक सवार मौसेरे भाइयों की शुक्रवार रात मौत हो गई। जबकि हादसे में बहन गम्भीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं दोनों भाइयों के शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए।

मूसाझाग थाना क्षेत्र के सराय पिपरिया गांव के रहने वाले धर्मेंद्र (29) अपनी बहन रेखा और बरेली के फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाले मौसेरे भाई सुखपाल के साथ बाइक से जिला अस्पताल जा रहे थे। परिजनों ने बताया कि तीनों लोग अस्पताल में भर्ती किसी रिश्तेदार को देखने गए थे। तभी मूसाझाग बाजार के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राला ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में टक्कर लगने की वजह से उसमें सवार धर्मेंद्र और सुखपाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि रेखा गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल रेखा को डायल 112 पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराकर पूरी घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल पहुंचे परिजनों में दोनों भाइयों की मौत की खबर सुनते ही कोहराम मच गया। रेखा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मूसाझाग थानाध्यक्ष ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में दो मौसेरे भाईयों की मौत हो गई है। दोनों शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए हैं। आज शनिवार को दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजन जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.