Breaking News

उप्र में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना

कानपुर,। उत्तर प्रदेश के मौसम में इन दिनों रोजाना बदलाव देखा जा रहा है। एक तरफ जहां आसमान में बादलों की आवाजाही बनी है तो वहीं पछुआ हवाओं के चलने से गर्मी अपना रंग नहीं दिखा पा रही है। हालांकि तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी व मेघ गर्जन के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना है।

चन्द्रशेखर आजाद कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस एन सुनील पाण्डेय ने शुक्रवार को बताया ओडिशा और आसपास के इलाकों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। पूर्वी असम और आसपास के इलाकों पर एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। इससे उत्तर प्रदेश के मौसम में आगामी दो दिन बदलाव रहेगा। तेज हवाएं चलेंगी और मेघ गर्जन के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की भी संभावना है।

बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 38.0 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह की सापेक्षिक आर्द्रता 47 और दोपहर की सापेक्षिक आर्द्रता 20 प्रतिशत रही। हवा की दिशाएं उत्तर पश्चिम रहीं जिनकी औसत गति 2.9 किमी प्रति घंटा रही। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार कानपुर में अगले पांच दिनों मे हल्के से मध्यम बादल छाये रहने के आसार हैं किंतु वर्षा की कोई संभावना नहीं है। धूल भरी आंधी मेघ गर्जना वाले बादलों के साथ कहीं कहीं फुटकर रुप में प्री मानसून की गतिविधियां होने की भी संभावना बनी रहेगी।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.