Breaking News

 बदांयू में सगे भाइयों की हत्या करने वाला आरोपित एनकाउंटर में ढेर

बदायूं। उत्तर प्रदेश में जनपद बदायूं के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में दो सगे भाइयों की उस्तरे से हत्या करने वाले आरोपित को पुलिस ने देर रात को मुठभेड़ में मार गिराया। इससे पहले हत्यारोपित की गिरफ्तारी के लिए मृतकों के परिवार ने जमकर हंगामा किया था। आरोपित के परिवार से झगड़ा और सैलून को आग के हवाले कर दिया था। इलाके की तनावपूर्ण स्थिति को संभालने के लिए पुलिस कप्तान और पैरामिलिट्री फोर्स के साथ इलाके में पहुंची। परिवार को शांत कराते हुए आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी। एडीजी, आईजी और मंडला आयुक्त डीएम भी घटनास्थल पहुंचे थे।

बाबा कालोनी में रहने वाला विनोद कुमार ठेकेदार है। उसके परिवार में पत्नी संगीता और तीन बेटे आयुष (13), अहान (06) और पीयूष है। संगीता घर के नीचे ब्यूटी पार्लर चलाती है। विनोद का घर के सामने ही जावेद उर्फ साजिद सैलून चलाता था। मंगलवार की शाम को किसी बात को लेकर विनोद और साजिद में झगड़ा हुआ था। हालांकि दोनों में पहले से ही विवाद है। देरशाम को विनोद किसी काम से घर के बाहर था और पत्नी संगीता पार्लर में थी। इसी दौरान साजिद ने घर में घुसकर दूसरे मंजिल की छत पर धारदार उस्तरे से आयुष और अहान की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं, हमले में पीयूष घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पार्लर से कमरे में गयी संगीता ने देखा कि साजिद उनके बेटों की हत्या कर भाग रहा है। इसके बाद परिवार ने आरोपित के घर पर हमला बोल दिया। सैलून जलाते हुए मुरादाबाद फर्रूखाबाद हाईवे को जाम कर दिया।

घटना की जानकारी पर एडीजी पीसी मीणा, आईजी रेंज डॉ राकेश सिंह, एसएसपी आलोक पियदर्शी, डीएम मनोज कुमार और कई थानों की फोर्स पहुंची। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेजा। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपित को मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

Share and Enjoy !

Shares

Trending News

Copyright © 2024 खरी दुनिया | All Right Reserved.